देहरादून: उत्तराखंड सरकार जल्द ही शासन से लेकर जिलों तक प्रशासनिक अधिकारियों के दायित्वों में परिवर्तन करने जा रही है। इसके लिए शासन स्तर पर पत्रावली तैयार हो चुकी है। इसे स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद तबादले किए जाएंगे। प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का फोकस नौकरशाही पर है। उन्होंने आते ही मुख्य सचिव ओमप्रकाश को बदल कर इसके संकेत भी दे दिए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय में भी बदलाव किया है। कुमाऊ मंडल के आयुक्त को वह बदल चुके हैं। अब उनकी निगाहें शासन व जिलों पर हैं।

सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री धामी ने मंत्रिमंडल के अपने सहयोगियों से भी तबादलों के संबंध में फीडबैक लिया है। कोरोना महामारी पर रोक लगाने के लिए जरूरी बंदोबस्त और लंबे समय से रुके विकास कार्यों को गति देने की चुनौती सरकार के सामने है। अब सरकार की प्राथमिकता भी तकरीबन तय हो चुकी हैं। ऐसे में अब इन प्राथमिकताओं को गति देने के लिए वह अपनी पंसद के अधिकारियों को जिम्मेदारी देने का मन बना चुके हैं। सूत्रों की मानें तो इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को पहले भी सूची भेजी गई थी लेकिन उन्होंने इसमें कुछ बदलाव के निर्देश दिए थे। अब नए सिरे से सूची तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जा चुकी है। जिस पर जल्द मुहर लगने की संभावना है। माना जा रहा है कि रविवार अथवा सोमवार तक इन तबादलों को अंतिम रूप देते हुए सूची भी जारी कर दी जाएगी।