Nirbhik Nazar

बिहार मे बाढ़ से हाहाकार, गंगा ने पटना में दिखाया रौद्र रूप, तेजी से बढ़ रहा है सोन और पुनपुन का पानी

पटना: गंगा का रौद्र रूप पटना में दिखने लगा है। आसपास की बड़ी नदियों में सोन और पुनपुन का भी बढ़ता जलस्तर स्थिति को चिंताजनक बना रहा है। बुधवार को गंगा इलाहाबाद से फरक्का तक लाल निशान के ऊपर बह रही है। लेकिन पटना के गांधी घाट में अबतक के उच्चतम स्तर से मात्र 60 सेमी नीचे रह गई है।

खास बात यह है कि केन्द्रीय जल आयोग के अनुसार गुरुवार की सुबह आठ बजे तक गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 15 सेमी और ऊपर चढ़ेगा। पटना के दीघा घाट में भी यह नदी हर घंटे एक सेमी की रफ्तार से चढ़ रही है।

गंगा पटना के साथ ही राज्य में भी खतरनाक संकेत दे रही है। यह इलाहाबाद से फरक्का तक सभी जगहों पर लाल निशान से ऊपर बह रही है। पुनपुन और सोन भी पटना में लाल निशान से काफी ऊपर जाने के बाद अब भी तेज रफ्तार से बढ़ रही है। गाधी घाट पर गंगा का 2016 में बना उच्चतम जलस्तर 50.52 मीटर है। वहां यह नदी बुधवार को 49.90 मीटर जलस्तर के साथ बह रही है और लाल निशान से 1.30 मीटर ऊपर है। गुरुवार सुबह आठ बजे तक जलस्तर 50 मीटर को पार कर जाएगा।

दीघा घाट में गंगा लाल निशान से 24 घंटे में 27 सेमी बढ़कर लाल निशान से 83 सेमी ऊपर चली गई है। नदी हाथीदह में 118, भागलपुर में 37 और कहलगांव में 92 सेमी लाल निशान से ऊपर बह रही है। इस नदी का जलस्तर गुरुवार तक सभी जगहों पर दस से बीस सेमी और बढ़ने की आशंका है।

खास बात यह है कि बिहार से बाहर भी गंगा अपस्ट्रीम और डाउन स्ट्रीम दोनों में तेजी से बढ़ रही है। इलाहाबाद में यह नदी लाल निशान से 52 सेमी और बनारस में 82 सेमी ऊपर है। डाउन स्ट्रीम में कहलगांव के बाद फरक्का में भी लाल निशान से 89 सेमी ऊपर है। यह स्थिति तब है जब फरक्का बराज के सभी फाटक खोल दिये गए हैं।

पटना के लिए खतरा यह है कि पुनपुन ने अपना तेवर बदल लिया है। पटना के श्रीपालपुर में यह नदी एक बार फिर पौने दो मीटर लाल निशान से ऊपर चली गई। पिछले 24 घंटे में इस नदी का जलस्तर 47 सेमी बढ़ा और और गुरुवार तक 15 सेमी और बढ़ने की आशंका है। सोन भी मनेर में तीन दिन से लाल निशान से ऊपर बह रहा है। बुधवार को मनेर में यह नदी 72 सेमी लाल निशान से ऊपर है। कल तक 25 सेमी और बढ़ने की आशंका है।

कोसी, गंडक, बागमती, बूढ़ी गंडक व कमला भी खतरे का निशान पार 

उधर, कोसी नदी का डिस्चार्ज भी बढ़ा है। कोसी नदी से बराह क्षेत्र में 98 हजार और बराज पर एक लाख 35 हजार घनसेक पानी मिल रहा है। यह नदी खगड़िया में अभी भी लाल निशान से 107 सेमी ऊपर है। गंडक का डिस्चार्ज भी बाल्मिकीनगर पर बराज पर एक लाख चार हजार घनसेक है। यह नदी गोपालगंज में लाल निशान से 20 सेमी ऊपर है। दूसरी नदियों में बागमती मुजफ्फरपुर में 82 और बूढ़ी गंडक खगड़िया में 82 सेमी और कमला झंझारपुर में 40 सेमी ऊपर बह रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *