Nirbhik Nazar

तय दौरे से पहले ही परिवार के साथ अल्मोड़ा पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, जानिये कारण

देहरादून। अल्मोड़ा जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में आज अचानक बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सपरिवार पहुंच गए। जागेश्वर धाम पहुचंकर नड्डा ने महामृत्युंजय जाप व रुद्राभिषेक का पाठ किया। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के इस दौरे की पूर्व सूचना प्रदेश नेतृत्व को भी नहीं थी। नड्डा के जागेश्वर धाम पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को जब इसकी सूचना मिली तो स्थानीय लोगों सहित कार्यकर्ता उनके भव्य स्वागत की तैयारियों में जुट गए। जे पी नड्डा के साथ सांसद अजय टम्टा भी मौजूद रहे।

आधिकारिक दौरे के मुताबिक जेपी नड्डा को 20 अगस्त की सुबह 11 बजे हरिद्वार पहुंचना है। नड्डा के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की पार्टी स्तर पर सभी तैयारियां भी पूरी हो गई है। हालांकि आधिकारिक दौरे से एक दिन पहले ही आज जेपी नड्डा अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम में पूजा अर्चना करने के लिए सपरिवार पहुंच गए। पूजा अर्चना के बाद बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा वापस दिल्ली लौट गए। वहीं अब कल से बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा का दो दिवसीय दौरा शुरू होगा। दौरे के दौरान बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों से क्रमवार वार्ता करेंगे। दौरे के दौरान पूर्व सैनिकों और संतों से भी वार्ता का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 20 अगस्त को सुबह 10 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और उनका भानियावाला, छिद्दरवाला, नेपाली फार्म, रायवाला में पार्टी नेता-कार्यकर्ता ज़ोरदार स्वागत करेंगे। जेपी नड्डा भूपतवाला स्थित होटल में रुकेंगे और यहीं पार्टी की तमाम बैठकें एक के बाद एक होंगी। नड्डा पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, मोर्चों के अध्यक्षों और महामंत्रियों के साथ मिशन 2022 की तैयारियों पर मंथन करेंगे। शाम चार बजे सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष बैठक करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्रियों के साथ अलग से बैठक होगी।

21 अगस्त को जेपी नड्डा रायवाला में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। जिलाध्यक्षों, नगर निगम और डीसीबी अध्यक्षों के साथ भी बैठक करेंगे। बीजेपी अध्यक्ष शाम को हरिद्वार में साधु-संतों से भी मुलाकात करेंगे। दरअसल बीजेपी रामनगर चिंतन शिविर में अगले तीन-चार महीनों का रोडमैप पहले ही खींच चुकी है। अब नए मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी की ताजपोशी होने के बाद पार्टी अध्यक्ष राज्य सरकार और पार्टी संगठन की नब्ज टटोलकर बाइस बैटल को लेकर रिपोर्ट लेकर जाएंगे। माना जा रहा है कि जेपी नड्डा बदले हालात जिसमें कांग्रेस की तरफ से नए अध्यक्ष के साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व सीएम हरीश रावत को कैंपेन कमेटी अध्यक्ष बनाने और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा कर्नल अजय कोठियाल को AAP का सीएम चेहरा घोषित करने के बाद बीजेपी की रणनीति को नए सिरे से धार देकर जाएंगे।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *