Nirbhik Nazar

मदन कौशिक बोले – राम के नगर में गए हरीश अब कुएं में चले गए, हरदा जवाब मे बोले – कुएं से अमृत निकालकर लाऊंगा

देहरादून: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर रामनगर विधानसभा सीट से बदलकर लालकुआं से उतारने पर तंज किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नगर में गए हरीश अब कुएं में चले गए। कौशिक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में भगदड़ मची है। वहां टिकट बदले जा रहे हैं। कौशिक ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। कहा कि अटल ने उत्तराखंड बनाया और पीएम मोदी इसे संवारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने कभी अल राज्य आंदोलन का समर्थन नहीं किया। राज्य निर्माण का विरोध किया। उन्होंने कहा कि रामपुर तिराहे पर आंदोलनकारियों पर गोलिया चलाई गईं, उस पर कांग्रेस मौन ही नहीं संलिप्त भी थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास कभी पक्षधर नहीं रही बल्कि वह स्केम की जननी रही। उन्होने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों के 10 साल घपले, घोटालों और स्टिंग आपरेशन के रहे। उसने कभी विकास का खाका नहीं खींचा। नेहरु, इंदिरा, राजीव और मनमोहन सरकार में कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी खत्म नहीं की।


कांग्रेस राज में रक्षा बजट घटा दिया गया।  मोदी सरकार ने गरीबों को घर और काम देने की योजनाएं बनाईं। उनके खाते खोले। रक्षा बजट भी बढ़ाया। कौशिक ने भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। कहा कि कोविडकाल में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अवस्थापना के ढांचे को बढ़ाया गया। पत्रकार वार्ता में सांसद नरेश बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत भी उपस्थित थीं।

दो सप्ताह में सभी स्टार प्रचारक आएंगे

कौशिक ने कहा कि अगले दो सप्ताह में पार्टी के सभी स्टार प्रचारक उत्तराखंड में होंगे और पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे। कोविड गाइडलाइन की बंदिशों के अनुरूप उनकी सभाएं, बैठकें, जनसंपर्क और डोर टू डोर प्रचार कार्यक्रम होंगे। कौशिक से जब पूछा गया कि स्टार प्रचारकों की सूची कोई महिला नेता क्यों नहीं है, तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि पहले 40 स्टार प्रचारक बनाए जाने की छूट थी, लेकिन अब चुनाव आयोग ने इसे कम करके 30 कर दिया है। इसलिए कुछ प्रमुख नेताओं के नाम उसमें शामिल हो सके हैं।

कुएं से अमृत निकालकर लाऊंगा : हरीश रावत 

प्रदेश में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस चुनाव अभियान समिति की कमान संभाल रहे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की सीट बदले जाने को लेकर भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं ने निशाना साधा तो उन्होंने भी सधे हुए अंदाज में जवाब दिया। हरीश रावत ने कहा कि भाजपा नेता जिस कुएं की बात कर रहे हैं, वह उसी कुएं से लालकुआं के साथ उत्तराखंड के लिए अमृत निकालकर लाएंगे।

दरअसल, रामनगर से सीट बदलकर पूर्व सीएम हरीश रावत को चुनाव लड़ने के लिए नैनीताल जिले की लालकुआं सीट पर भेजे जाने को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने कटाक्ष किया था। मदन कौशिक ने कहा कि जनता की चाहत, हरीश रावत, का नारा देने वालों को आज अपने ही ठुकरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरीश रावत पहले राम के नगर में गए थे, लेकिन अब वह कुएं में चले गए हैं। वहीं विजय बहुगुणा का भी बयान सामने आया।

उन्होंने कहा कि हरीश रावत के लिए लालकुआं राजीनतिक रूप से मौत का कुआं साबित होगा। वह एक साथ दो जगह से हारकर न जाने कहां-कहां से खिसककर यहां आए हैं। यहां उनकी राजनीतिक रूप से अंतिम हार होगी।  भाजपा के दोनों वरिष्ठ नेताओं के बयानों का सधे हुए अंदाज में जवाब देते हुए हरीश रावत ने कहा कि वह मंथन करके लालकुआं के साथ उत्तराखंड के लिए भी अमृत निकालकर लाएंगे। भाजपा नेताओं के इस तरह के बयान ही उन्हें ले डूबेंगे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *