देहरादून: चम्पावत उपचुनाव में प्रचंड जीत के बाद के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को देहरादून लौट आए। राजधानी दून में शनिवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी का विजय जुलूस निकला। चंपावत से दून पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी का हेलीकॉप्टर परेड ग्राउंड में उतरा। यहां पहले से भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके स्वागत में खड़े थे। आगे से बाइक सवार युवा मोर्चा के कार्यकर्ता जुलूस में शामिल हुए। उसके बाद ओपन मिनी ट्रक सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मंत्री गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा समेत अनेक नेता जनता का अभिनंदन करते हुए निकले। सर्वे चौक पर कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर सीएम का स्वागत किया। यहां सीएम ने रंग-बिरंगे गुब्बारे भी उड़ाए। यहां से आगे विजय जुलूस द्वारिका चौक होते हुए बलवीर रोड स्थित भाजपा दफ्तर के लिए निकल गया।
इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया। लोगों ने फूल बरसा कर उनका स्वागत किया। बता दें कि चम्पावत उपचुनाव के लिए विगत 31 जून को मतदान हुआ था और तीन जून को मतगणना के बाद परिणाम आया था। जिसमें सीएम धामी ने 55025 वोटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
55025 मतों से जीते पुष्कर धामी
भाजपा, पुष्कर सिंह धामी – 58258
कांग्रेस, निर्मला गहतोड़ी -3233
सपा, मनोज कुमार भट्ट -402
निर्दलीय, हिमांशु गड़कोटी -413
नोटा -377
कुल मतदान -62898 (पोस्टल मत 1303)
जीवन भर चम्पावत की धरती से प्यार निभाऊंगा : धामी
उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भावुक हो गए और शायराना अंदाज में कहा था.. जो दिया है प्रेम मुझको, उसे भुला न पाऊंगा, जीवन भर चम्पावत की धरती से अपना प्यार निभाऊंगा….। उन्होंने गांधी चौक में हुई सभा में कहा जो वायदा मैंने किया है उसे निभाऊंगा।