नई दिल्ली। दिल्ली की एक बेरहम मां ने अपनी पांच साल की बेटी पर कहर ढ़ाया। बच्ची ने होमवर्क नहीं किया था। इस बात से नाराज मां ने उसके हाथ-पैर बांधे और तपती छत पर डाल दिया। भरी दोपहर में छत तबे की तरह गर्म थी। बच्ची का शरीर जल रहा था और वह दर्द के मारे तड़प रही थी, चीख रही थी और मां-मां कहकर बख्श देने की गुहार लगा रही थी, लेकिन उस निर्दयी मां को रहम नहीं आई।
बच्ची काफी देर तक तड़पती रही। वह खुद को छत से ऊपर उठाने की कोशिश करती ताकि जलने से बच सके, लेकिन पीछे की ओर कर बांधे गए हाथ के चलते ऐसा नहीं कर पा रही थी। काफी देर तक वह इसी तरह छटपटाती रही फिर बेसुध होकर एक ओर लुढ़क गई। घटना के 25 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
5-7 मिनट तक बच्ची को छत पर रखा
वीडियो वायरल हुआ तो दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस को पता चला कि घटना तकमीरपुर के खाजुरी खास इलाके में घटी। पुलिस आरोपी मां के घर पहुंची और उससे पूछताछ की। मां ने बताया कि होमवर्क नहीं करने पर उसने अपनी बेटी को सजा दिया था। उसने 5-7 मिनट तक बच्ची को छत पर रखा फिर नीचे ले आई। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने कहा है कि आरोपी मां के खिलाफ उचित कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दिल्ली की तेज धूप में एक बच्ची को खजूरी ख़ास में छत पे हाथ पाँव बांध के रोता चीखता छोड़ दिया गया। विडीओ में साफ़ दिख रहा है की बच्ची तड़प रही है। लड़की रेस्क्यू हो गयी है। मैंने दिल्ली पुलिस को नोटिस कर मामले में FIR की माँग की है। pic.twitter.com/2YkPeMJJMc
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) June 8, 2022
दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया कि एक घर की छत पर बंधी बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उसकी पहचान और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए। बच्ची की मां पहचानी गई और उचित कार्रवाई शुरू की गई। बता दें कि दिल्ली में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा है।