देहारादून: उत्तराखंड में चार धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मंगलवार को बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने बुधवार को नैनीताल अल्मोडा चंपावत में बर्फबारी और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री, यमुनोत्री धाम समेत हर्षिल, दयारा, डोडीताल व अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मंगलवार को अच्छी खासी बर्फबारी हुई है, चमोली व रुद्रप्रयाग जिले में भी बर्फबारी हुई है। वहीं बारिश व बर्फबारी होने से लोगों को फिर से ठंड का अहसास होने लगा है। बारिश से जहां काश्तकारों के चेहरे खिल उठे हैं। वहीं वनों में लगी आग भी बुझ गई है। जिससे वन कर्मियों ने राहत की सांस ली है।

जबकि ऊचांई वाले क्षेत्रों में गत सोमवार से ही बारिश के साथ हल्की बर्फबारी हो रही है। जिससे गंगोत्री, यमुनोत्री धाम समेत हर्षिल, मुखबा सुक्की टॉप, डोडीताल, दयारा बुग्याल, में जमकर बर्फबारी हुई है। बारिश व बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से सेब बागवानों ने खुशी जाहिर की है। गंगोत्री धाम के रावल सत्येन्द्र सेमवाल व सेब बागवान जय भवान सिंह ने कहा कि उपला टकनौर क्षेत्र में गत दो दिनों से बर्फबारी का सिलसिला जारी है। जो सेब की फसल के लिए वरदान साबित हो रही है। वहीं बारिश के चलते जंगलो में लगी आग बुझ गई है। जिससे वन विभाग के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।

मौसम विभाग ने बुधवार को नैनीताल अल्मोडा चंपावत में बर्फबारी और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मैदानी इलाकों दून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर आदि जिलों में 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। 25, 26 और 27 को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।