देहरादून: उत्तराखंड में अब पुलिस मास्क न लगाने पर जुर्माना भी वसूल करेगी और साथ में चार मास्क मुफ्त में भी देगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक करोड़ रुपये जारी कर दिए। पुलिस महानिदेशक के स्तर से इस पैसे का हिसाब किताब रखा जाएगा। सार्वजनिक स्थानों में मास्क न पहनने पर मंत्रिमंडल ने कम से कम जुर्माना 500 रुपये तय कर दिया है। मंगलवार को सरकार ने मास्क न पहनने पर जुर्माना वसूलने के साथ ही चार मास्क मुफ्त देने का फैसला लिया है।

उत्तराखंड में हर दिन कोरोना के हजारों नए केस मिल रहे हैं, लेकिन लोगों की लापरवाही अब भी खत्म नहीं हो रही। बीते दिन कोविड कर्फ्यू लागू होने से पहले बाजारों में जमकर भीड़ उमड़ी। इस दौरान कोविड संबंधी नियमों की खूब धज्जियां उड़ाई गईं। कई लोग बिना मास्क पहने बाजार में घूमते नजर आए, ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए और कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार ने कड़े नियम लागू किए हैं।