देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कोविड व्यवस्थाओं के लिये विधायक निधि से एक-एक करोड़ रुपये खर्च करने को अपनी स्वीकृति दे दी ।प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के इस निर्णय के बाद अब प्रदेश के सभी विधायक अपनी विधायक निधि से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में कोविड रोकथाम संबंधी व्यवस्थाओं पर एक-एक करोड़ रुपये खर्च कर सकेंगे । इस बारे मे मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने ट्वीट करके भी जानकारी साझा की है।
उत्तराखंड में बढ़ते कोविड संक्रमण को देखते हुए राज्यहित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस के अंतर्गत राज्य सरकार ने विधायक निधि से 1 करोड़ रुपए तक के कोविड कार्यों को करवाने हेतु स्वीकृति दे दी है।
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) April 28, 2021
मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से अपेक्षा की है कि वे तत्काल अपने-अपने क्षेत्रों में कोविड की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और विशेषकर सुदूरवर्ती इलाकों में रह रहे लोगों को कोविड के खिलाफ जंग जीतने में मदद करेंगे। उनियाल ने बताया कि प्रदेश के सभी 70 विधायक आईसीयू वार्ड, आक्सीजन सिलेंडर, वेंटीलेटर जैसी जरुरतों को पूरा करने के लिए अपने क्षेत्र के जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से विचार विमर्श करने के बाद अपनी विधायक निधि से एक करोड़ रूपये तक की राशि जारी कर सकते हैं। मंत्री ने कहा कि इस निर्णय से सूदूरवर्ती गांवों के उन प्राथमिक एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी वह सुविधा उपलब्ध हो सकेगी जो बड़े अस्पतालों में उपलब्ध कराई जा रही हैं।

रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ करेंगे 1 करोड़ खर्च
कोरोना संक्रमण से जूझ रहे मरीजों को आईसीयू न मिल पाने का दर्द महसूस करने के बाद रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने बड़ा दिल दिखाया है। उन्होंने आईसीयू की व्यवस्था करने के लिए अपनी विधायक निधि से एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। विधायक उमेश शर्मा काऊ ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी देहरादून को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि कोविड संक्रमण से पूरा देहरादून जनपद प्रभावित है। सरकारी व गैर सरकारी चिकित्सालयों में आईसीयू (गहन चिकित्सा कक्ष) भरे पड़े हैं। हमारे चिकित्सक जनता के उपचार हेतु हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री एवं हमारी सरकार अपने स्तर पर भी महामारी से लड़ रही है।
उन्होंने कहा है कि रायपुर कोविड-19 सेंटर के निरीक्षण करने के उपरांत जनता एवं चिकित्सकों द्वारा चिकित्सा कक्ष के अभाव की पीड़ा आज उनके समक्ष बयां की गई। जिससे वह बहुत विचलित हुए। विधायक ने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि हम हर रोगी को उचित उपचार देने का पूरा प्रयास करें। समस्त परिस्थितियों को संज्ञान में लेकर इस आपातकाल में अभी तत्काल एक आईसीयू गहन चिकित्सा कक्ष की स्थापना रायपुर कोविड-19 में किया जाना अत्यंत आवश्यक है।