देहरादून: उत्तराखंड में बुधवार को कोरोना के नए मरीजों, मौत और रिकवरी के सभी पुराने रिकार्ड धवस्त हो गए। एक ही दिन में 6054 नए मरीज मिले, 108 की मौत हुई जबकि 3485 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया। पहला रिकार्ड ये टूटा की उत्तराखंड मे बुधवार को राज्य में कुल 6054 नए मरीज मिले जिसमें देहरादून में 2329 जबकि हरिद्वार में 1178 नए मरीज मिले हैं। पर्वतीय जिलों में भी संक्रमण के मामले धीरे धीरे बढ़ रहे हैं। बुधवार को कुल 42 हजार के करीब सैंपलों की रिपोर्ट आई और 44 हजार के करीब सैंपल जांच के लिए भेजे गए। 30 हजार की अभी रिपोर्ट आना बाकी है।

दूसरा रिकार्ड ये टूटा बुधवार को राज्य में पहली बार एक ही दिन में 108 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। जिससे स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मचा हुआ है। इसमें 27 मरीजों की मौत अकेले हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में हुई। जबकि देहरादून जिले के कई अस्पतालों में कुल मिलाकर 64 मरीजों की मौत हुई है। इसके साथ ही इस महीने राज्य में अभी तक कुल मौतों का आंकड़ा 600 को पार कर गया है। राज्य में अभी तक कुल 2417 मरीजों की मौत हो गई है।

तीसरा रिकार्ड ये बना राज्य में बुधवार को अस्पतालों में भर्ती मरीज भी रिकार्ड संख्या में ठीक हुए। विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 3485 मरीज ठीक होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज किए गए। इसके साथ ही राज्य में कुल मरीजों की संख्या एक लाख 68 हजार, ठीक होने वालों की संख्या एक लाख 17 हजार जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 45383 हो गई है। देहरादून में 16 हजार जबकि हरिद्वार में 10 हजार से अधिक एक्टिव मरीज हो गए हैं।