देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी मंत्रियों को मोर्चे पर तैनात करने के बाद अब मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने विधायकों के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों को भी मैदान में उतरने को कहा है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में देहरादून के विधायकों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि संकट के इस दौर में सभी विधायक और जनप्रतिनिधि जनता से निरंतर संवाद बनाए रखें।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आज देहरादून के समस्त माननीय विधानसभा सदस्यों के साथ कोविड-19 की रोकथाम के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक ली। माo विधायक गणो से कहा कि संकट के इस समय में जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। pic.twitter.com/wQQ6qNqFbI
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) April 30, 2021
कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने एक रोज पहले अपने मंत्रिमंडल के सभी सहयोगियों को जिलों का आवंटन कर वहां कोविड की रोकथाम के लिए जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कदम उठाने को कहा। मंत्रियों ने यह जिम्मा संभाल भी लिया है। इससे पहले सचिवों को भी इसी तरह की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित देहरादून के विधायकों और महापौर के साथ कोविड की रोकथाम के संबंध में बैठक की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट से निबटने के मद्देनजर सभी विधायक और जनप्रतिनिधि जनता से संवाद स्थापित कर उसे वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाते हुए कोरोना के खिलाफ जंग को मजबूती से लड़ने में उनका सहयोग लें। बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक हरबंस कपूर, खजान दास व विनोद चमोली, देहरादून के महापौर सुनील उनियाल गामा मौजूद रहे।