रांची: कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम में जुटे डॉक्टर्स समेत स्वास्थ्य कर्मियों को हेमंत सरकार ने एक महीने का अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के हस्ताक्षर से इसकी अधिसूचना जारी हुई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
राज्य सरकार के चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मियों (संविदा सहित) तथा NHM के अधीन कार्यरत चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के मनोबल एवं कर्तव्य निर्वहन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें एक माह के मूल वेतन/मानदेय के समतुल्य प्रोत्साहन राशि दिये जाने का निर्णय लिया गया है।

प्रोत्साहन राशि के लिए राज्य सरकार के चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मियों (संविदा सहित) तथा NHM के अधीन कार्यरत चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों जिनके द्वारा कोविड-19 संबंधी कॉन्ट्रेक्ट ट्रेसिंग, टेस्टिंग, सुपरविजन, कोविड हॉस्पिटल/कोविड वार्ड में कार्यरत, कार्यालय तथा कोविड रूम में कोरोना से संबंधित कार्यों एवं कोरोना वायरस की रोकथाम एवं चिकित्सा में अपने कर्तव्यों का सम्यक निर्वहन किया हो, वो पात्र होंगे।