देहरादून : उत्तराखंड में एक बार फिर रेमडेसिविर इंजेक्शन की जबरदस्त किल्लत हो गई है। तीमारदारों को लाख प्रयासों के बावजूद इंजेक्शन नहीं मिल पा रहे हैं। हालांकि, सरकार का दावा है कि जरूरतमंदों को इंजेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इंजेक्शन की सबसे अधिक किल्लत देहरादून में है। क्योंकि, यहां सबसे अधिक कोरोना मरीज भर्ती हैं। जोगीवाला स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती हरिद्वार के मरीज के तीमारदार ने बताया कि दो दिन चक्कर काटने के बाद भी इंजेक्शन नहीं मिला। आराघर के एक अस्पताल में भर्ती बुर्जुग महिला के परिजनों ने सोशल मीडिया के जरिए भी इंजेक्शन को लेकर मदद मांगी। लेकिन इंजेक्शन नहीं मिल पाया।

बता दें कि उत्तराखंड में 01 मई से 18 से 45 आयु वर्ग वालों को कोविड टीकाकरण भी शुरू नहीं हो पाया । राज्य सरकार ने इस आयुवर्ग के लिए 1.64 लाख वैक्सीन डोज का ऑर्डर किया है। वैसे सरकार भी मई पहले हफ्ते में टीकाकरण शुरू करने की बात पहले कह चुकी थी। अब इस आयु वर्ग के लिए टीके उपलब्ध होने के बाद ही टीकाकरण शुरू हो पाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी प्रांतों को एक मई से युवाओं के लिए टीकाकरण शुरू करने का आह्वान किया था । इसके लिए राज्य के युवा भी बड़ी संख्या में पंजीकरण करवा रहे हैं। राज्य को 18 से 45 आयु वर्ग के लिए 1.64 लाक वैक्सीन मांगी है, उसमें से 1.22 लाख टीके सीरम इंस्टीट्यूट और 22 हजार भारत बॉयोटैक को ऑर्डर किया गया है।