Nirbhik Nazar

इस दिन खुलेंगे चारोधाम के कपाट, पूजा को लेकर देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड ने जारी की गाइडलाइन

देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण को देखते हुए 14 मई से प्रारंभ होने वाली चारधाम यात्रा स्थगित रखने के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के फैसले के क्रम में उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड ने आदेश जारी कर दिए हैं। हालांकि, चारधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री के कपाट तय तिथियों पर खुलेंगे और सीमित संख्या में पुजारी व तीर्थ पुरोहित पूजा-पाठ करेंगे। मंदिरों में कोविड की गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन किया जाएगा। बोर्ड ने इस संबंध में एसओपी (मानक संचालन कार्यविधि) जारी कर दी है। इसके मुताबिक चारधाम के कपाट खुलने पर मंदिर सुबह सात से शाम सात बजे तक ही खुले रहेंगे। मंदिरों में मूर्तियों, घंटियों, प्रतिरूपों, ग्रंथों-पुस्तकों को स्पर्श करने की किसी को अनुमति नहीं होगी।


चारधाम के कपाट खुलने की तिथियां पहले ही घोषित की जा चुकी हैं। यमुनोत्री धाम के कपाट 14 मई, गंगोत्री के 15 मई, केदारनाथ के 17 मई और बदरीनाथ धाम के कपाट 18 मई को शुभ मुहूर्त पर खोले जाने हैं। चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन की ओर से जारी एसओपी के मुताबिक कपाट खुलने के बाद चारधाम में परंपरानुसार पूजा सांकेतिक रूप से चलती रहेगी। इसके लिए रावल, नायब रावल, पुजारी, पंडा पुरोहित, हक-हकूकधारी और बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारी ही अनुमन्य होंगे। सभी को कोविड की गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।

एसओपी के अनुसार चारधाम में प्रवेश द्वार पर प्रत्येक व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग होगी और हाथों को सैनिटाइज किया जाएगा। साथ ही मास्क और सुरक्षित दूरी के मानक का पालन अनिवार्य होगा। यदि किसी व्यक्ति में कोई लक्षण नजर आता है तो उसे प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। गर्भ गृह में केवल रावल, पुजारी और संबंधित व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
मंदिरों में किसी भी प्रकार का प्रसाद वितरण व टीका लगाने की अनुमति नहीं होगी। भोग आदि के वितरण के समय भी शारीरिक दूरी के मानकों का पालन किया जाएगा। यदि लाइन लगने की स्थिति आती है तो एक-दूसरे के बीच कम से कम छह फीट की दूरी रखी जाएगी। बैठने के स्थानों पर भी यही व्यवस्था रहेगी। मंदिर परिसरों की लगातार सफाई और सैनिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। मंदिर के अंदर एक ही मैट, दरी, चादर के प्रयोग से पूरी तरह बचा जाएगा।

चारधाम के कपाट खुलने की तिथियां
यमुनोत्री :- 14 मई दोपहर 12.15 बजे।
गंगोत्री :- 15 मई सुबह 7.31 बजे
केदारनाथ :- 17 मई सुबह 5.00 बजे
बदरीनाथ :- 18 मई सुबह 4.15 बजे

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *