देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। बल्कि नए मरीजों का ग्राफ हर दिन तेजी से चढ़ता जा रहा है। स्थिति की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार को पहली बार प्रदेश में कोरोना के 7028 मामले आए हैं, जबकि 85 मरीजों की मौत भी हुई है। चिंता की बात इसलिए भी है कि सैंपल पॉजिटिविटी रेट 18.47 फीसद रहा है।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार निजी व सरकारी लैब से 38046 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिनमें 31018 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दून में कोरोना की दूसरी लहर जमकर कहर बरपा रही है। यहां कोरोना के 2789 मामले आए हैं। ये अब तक एक दिन में आए सर्वाधिक मामले हैं। यही नहीं जिले में संक्रमण दर भी 29 फीसद रही है। ऊधमसिंहनगर में 833, नैनीताल में 819 व हरिद्वार में 657 लोग संक्रमित मिले हैं। पहाड़ी जिलों में भी मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पौड़ी गढ़वाल में 513, पिथौरागढ़ में 231, बागेश्वर में 215, टिहरी गढ़वाल में 200, अल्मोड़ा में 170, चंपावत में 163, उत्तरकाशी में 153, चमोली में 150 व रुद्रप्रयाग में 135 मामले आए हैं। इधर, विभिन्न जनपदों में 5696 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। बता दें कि अब तक प्रदेश में कोरोना के दो लाख चार हजार 51 मामले आए हैं, जिनमें एक लाख 40 हजार 184 लोग स्वस्थ हो गए हैं। प्रदेश में सक्रिय मामले 56627 पहुंच गए हैं। वहीं, कोरोना संक्रमित 3015 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है।