देहरादून: मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड में कोरोना के खिलाफ जंग में औद्योगिक समूहों से मदद मांगी है। इस कड़ी में उन्होंने कई नामी उद्योगपतियों से वर्चुअल वार्ता कर सीएसआर में उत्तराखंड को स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
कोविड के खिलाफ लड़ाई में सहयोग लेने के लिए आज देश के जाने-माने उद्योगपतियों से वर्चुअल मीटिंग की। अडाणी ग्रुप के श्री गौतम अडाणी जी और आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन श्री कुमार मंगलम बिड़ला जी से बात कर उनसे सीएसआर में कोविड से संबंधित मेडिकल इक्विपमेंट देने का अनुरोध किया। pic.twitter.com/Un3sEbqAtu
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) May 5, 2021
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बुधवार देर शाम अडाणी समूह के गौतम अडाणी और आदित्य बिड़ला समूह के चैयरमैन कुमार मंगलम बिडला से से बातचीत कर उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के संबंध में अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने दोनों से सीएसआर फंड में स्वास्थ्य उपकरण देने का अनुरोध किया। इसी क्रम में उन्होंने महिंद्रा समूह के चैयरमैन आनंद महेंद्रा और पेटीएम के विजय शेखर वर्मा के साथ वर्चुअल बैठक करते हुए सीएसआर के तहत सहयोग मांगा।

उन्होंने कहा कि सीधे स्वास्थ्य उपकरण देने से राज्य सरकार को सरकारी औपचारिकताएं नहीं करनी पड़ेगी और अनावश्यक विलंब भी नहीं होगा। आनंद महिंद्रा से मुख्यमंत्री ने एक हजार आक्सीजन सिलिंडर, एक हजार आक्सीजन कंसन्ट्रेटर, एमआरआइ मशीन और 10 मेडिकल आक्सीजन जनरेटर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर आनंद महिंद्रा ने मुख्यमंत्री को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। बैठक में पेटीएम के सीईओ विजय शेखर ने उत्तराखंड को 100 आक्सीजन कंसन्ट्रेटर शीघ्र उपलब्ध कराने की बात कही। मुख्यमंत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से कोरोना से जंग में जीत अवश्य हासिल होगी। इस दौरान नोडल अधिकारी नीरज खैरवाल भी उपस्थित थे।