देहरादून: उत्तराखंड में काबू से बाहर होते जा रहे कोरोना के हालात को लेकर अब सेना मोर्चा संभाल सकती है। सरकार इस पर विचार कर रही है। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने इसके संकेत देते हुए कहा कि अगर हालात नहीं संभले तो व्यवस्थाओं की कमान सेना को दी जा सकती है। हरक सिंह रावत ने कहा कि स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी बातचीत चल रही है।

सेना से गढ़वाल और कुमाऊं रेजीमेंट को फील्ड में उतारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि खुद उन्होंने गर्वनर बेबी रानी मौर्य और सीएम तीरथ सिंह रावत से इस संबंध में बातचीत की है। हालांकि, सीएम तीरथ सिंह रावत सेना की मदद लेने के संबंध में पत्रकारों के पूछे गए सवाल से बचते नज़र आ रहे हैं। सीएम ने कहा कि DRDO की मदद से वर्तमान में हल्द्ववानी और ऋषिकेश में पांच-पांच सौ बेड के हॉस्पिटल तैयार किए जा रहे हैं। इन हॉस्पिटलों में ऑक्सीजन प्लांट भी लगाए जा रहे हैं। CM रावत ने कहा कोरोना संक्रमण से उत्तराखंड में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। अस्पताल फुल हो चुके हैं। लोग आईसीयू और ऑक्सीजन बेड के लिए कतार लगाए हुए हैं। उत्तराखंड में अभी तक कोविड पॉजीटिव का आंकडा दो लाख बीस हजार के पार पहुंच गया है।

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की शुक्रवार को बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई। आज प्रदेश भर में रिकार्ड 9642 नए पॉजिटिव केस आए हैं। जबकि 137 लोगों की मौत हो गई। देहरादून में आज भी सर्वाधिक 80 मौत हुई है। इसके बाद नैनीताल में 27 और यूएसनगर में 13 लोगों की जान गई है। राज्य में अब तक 3430 लोग जान गंवा चुके हैं। राज्य में एक्टिव की केस की संख्या भी 67 हजार 691 हो गई है। पॉजिटिव केस की लगातार बढ़ती संख्या की वजह से राज्य में सैंपल पॉजिटिविटी की दर बढ़कर 5.76 तक पहुंच गई। दूसरी तरफ, सैंपल जांच में आज 27 हजार 208 लोग कोरोना निगेटिव भी पाए गए हैं। और, 4643 लोगों ने कोरोना को मात देकर स्वस्थ भी हुए हैं। कैबिेनेट मंत्री हरक सिंह रावत का कहना है कि अगर हम यूपी से तुलना करें, तो यूपी की आबादी के सापेक्ष उत्तराखंड जैंसे छोटे राज्य में आठ गुना अधिक केस आ रहे हैं और ये बेहद चिंताजनक है।