देहरादून: कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन व जीवनरक्षक दवाइयों की कालाबाजरी करने वालों के खुलाफ़ पुलिस राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। पुलिस मुख्यालय में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस कालाबाजरी करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेगी। उन्होंने बताया कि कालाबाजारी रोकने के लिए उत्तराखंड पुलिस की ओर से जनपदों की 158 टीमें और एसटीएफ की 10 टीमें लगाई गई हैं। टीमों की ओर से कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अब तक सभी टीमों ने 787 दबिश दी।

रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी में जिला हरिद्वार में एक मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें दो व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, नकली रेमडेसिविर की कालाबाजारी में जिला हरिद्वार में एक मुकदमे में एक आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार बरामदगियां की गई। ऑक्सीजन की कालाबाजारी के दौरान पुलिस ने तीन मुकदमे दर्ज किए, जिसमें नौ व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 91 बरामदगियां की गई। अन्य कालाबाजारियों में तय राशि से अधिक मूल्य पर विभिन्न मेडिकल उपकरणों को बेचने और अन्य दवाइयों की कालाबाजारी के दौरान प्रदेश में कुल सात मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 बरामदगियां की गई हैं।