देहरादून: मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने निर्देश दिए हैं कि शादी व विभिन्न समारोह में भीड़ और वस्तुओं व दवाओं की कालाबाजारी के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। उन्होंने बड़ी और खुली जगहों पर वैक्सीनेशन करने के निर्देश दिए। कोविड वैक्सीनेशन को और तेजी से करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उत्तराखंड में 18 वर्ष से 45 वर्ष तक की आयु के लोगों के लिये कोविड वैक्सीन आते ही इनके वैक्सीनेशन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू किया जाए। मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों व सेना के रिटायर्ड अफसरों से भी मदद मांगी है। उन्होंने कहा कि हमें कोविड डेथ रोकने के लिए अधिक ध्यान देना होगा।
विभिन्न समारोहों और आयोजनों में निर्धारित सीमा से अधिक संख्या में लोगों के शामिल होने पर भी सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए। बैठक में कंटेनमेंट जोन पर विशेष फोकस करने, कालाबाजारी और ओवर रेटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आॅक्सीजन के उपयोग की ऑडिटिंग के निर्देश दिए। pic.twitter.com/D9pr5CvoBJ
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) May 8, 2021
शनिवार सचिवालय में वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति और वैक्सीनेशन की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमें कोविड डेथ को रोकने के लिए सबसे ज्यादा ध्यान देना होगा। कोविड संक्रमित तुरंत जरूरी दवाइयां लें, इसके लिए हमें मेडिकल किट उपलब्ध कराने के लिए विकेंद्रीकृत व्यवस्था की ओर जाना होगा।
मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने कहा कि कोरोना के बदलते स्ट्रेन को देखते हुए आगे तैयारी की जाए। आगामी दिनों के लिए जरूरी ऑक्सीजन का आंकलन करते हुए उसी के अनुरूप आवश्यक संख्या में टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करनी है। सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी ने कहा कि प्रदेश में रेमडेसिविर की पर्याप्त उपलब्धता है। इसके लिए पूरी प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है। कोविड की चेन को ब्रेक करने पर फोकस किया जा रहा है। जो भी टेस्ट कराने आता है, उसे तुरंत मेडिकल किट दी जा रही है।
आज सचिवालय में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग द्वारा प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति और वैक्सीनेशन की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को कोविड वैक्सीनेशन में और तेजी लाने और 18 से 44 वर्ष तक की आयु के लोगों के लिए आज कोविड वैक्सीन की पहली खेप आते ही वैक्सीनेशन शुरू करने के निर्देश दिए। pic.twitter.com/wog3qMf35A
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) May 8, 2021
डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा थाना स्तर पर मिशन हौसला शुरू किया गया है। इसमें आकस्मिक स्थिति में जरूरतमंदों तक दवाइयों की होम डिलीवरी, ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराना, कोविड संक्रमितों को घर पर भोजन पहुंचवाना, एम्बुलेंस उपलब्ध करवाई जा रही है।
सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने कोविड व वैक्सीनेशन की विस्तार से जानकारी दी। कोविड प्रबंधन के लिए नियुक्त किए गए विभिन्न नोडल अधिकारियों से भी जानकारी ली गयी। वीडियो कांफ्रेंसिग में अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी उपस्थित थे।
समारोह में भीड़ भाड़ पर होगा सख्त एक्शन
मुख्यमंत्री ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभिन्न समारोहों और आयोजनों में निर्धारित सीमा से अधिक संख्या में लोगों के शामिल होने पर सख्त एक्शन लिया जाए।
कंटेनमेंट जोन पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि कंटेनमेंट जोन पर विशेष फ़ोकस किया जाए ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके। पूर्व सैनिकों व सेना के रिटायर्ड डाक्टरों की मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सेना के रिटायर्ड कर्मियों की भी मदद कोरोना के खिलाफ इस जंग में ली जाए।

बड़ी और खुली जगहों पर टीकाकरण के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन सेंटरों में कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जाए। जहां तक हो सके, बड़ी और खुली जगहों पर वैक्सीनेशन का प्रबंध किया जाए।
वस्तुओं की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि कालाबाजारी और ओवर रेटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। ऑक्सीजन के समुचित उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
ऑक्सीजन प्लांटों के काम तेजी से पूरे हों
अस्पतालों में ऑक्सीजन उपयोग की लगातार ऑडिटिंग की जाए। निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट का काम तेजी से पूरा किया जाए। ऑक्सीजन प्लांटों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो।