रांची: सोमवार, 10 मई और इसके अगले दिन मंगलवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के सभी सांसदों और विधायकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक करेंगे और उनके विचार जानेंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय से जारी सूचना के अनुसार 10 मई को दिन के 11.30 बजे से संथाल परगना और पलामू प्रमंडल के सांसदों एवं विधायकों से कोविड महामारी को लेकर बैठक करेंगे। इसके अगले दिन मंगलवार को उत्तरी छोटानागपुर, दक्षिणी छोटानागपुर एवं कोल्हान प्रमंडल के सांसदों एवं विधायकों के साथ वीडिया कांफ्रेंसिंग के माध्यम से महामारी की स्थिति के संबंध में बैठक करेंगे और सभी के विचार जानेंगे।
मुख्यमंत्री ने दो पत्रकारों के निधन पर शोक जताया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दो पत्रकारों के निधन पर शोक जताया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में आज तक समाचार चैनल से जुड़े पत्रकार मृत्युंजय श्रीवास्तव एवं लातेहार में कार्यरत न्यूज 11 के पत्रकार अतुल वर्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद ने भी दोनों पत्रकारों के निधन पर शोक जताया है।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पत्रकारों के निधन पर की ये मांग
पूर्व मुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने उन सभी दिवंगत मीडिया कर्मियों के परिजनों को अतिशीघ्र पांच-पांच लाख की अनुग्रह राशि देने का आग्रह हेमंत सोरेन सरकार से किया है, जिनका निधन कोरोना काल में हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य के 18 से अधिक मीडिया कर्मियों की कोरोना काल में हुई मौत पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए कहा कि पत्रकारों के प्रति सरकार की असंवेदनशीलता और गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण लगातार पत्रकारों की मौत हो रही है। राज्य सरकार अगर कोरोना की दूसरी लहर आने के बाद राज्य के पत्रकारों को फ्रंटलाइन वॉरियर्स की मान्यता दे देती तथा प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण और कोरोना पीड़ित पत्रकारों की समुचित चिकित्सा व्यवस्था करती तो उन्हें कोरोना महामारी की चपेट में आने से रोका जा सकता था।