देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से बात कर प्रदेश में महामारी संबंधी स्थिति की जानकारी ली और राज्य को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री रावत ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
आज परम श्रद्धेय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी ने प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति के बारे में जानकारी ली। मैंने माननीय प्रधानमंत्री जी को वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत कराया।
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) May 9, 2021
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने माननीय प्रधानमंत्री को वर्तमान स्थिति से अवगत कराया.’’ रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।

आपको बता दें उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण संबंधी हालात पिछले कई दिनों से गंभीर बने हुए हैं और यहां मरीजों की दैनिक संख्या लगातार 7,000 से 9,000 तक दर्ज की जा रही है। प्रदेश में शनिवार को भी 8,390 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी, जबकि 118 और लोगों की महामारी से जान चली गयी थी।