देहरादून: कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए उत्तराखंड में 18 से 44 आयु वर्ग के व्यक्तियों का वैक्सीनेशन आज 10 मई से शुरू होने जा रहा है। वैक्सीनेशन के पहले दिन प्रदेश के सभी 13 जिलों में बनाए गए कुल 75 केंद्रों पर 16100 व्यक्तियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। वैक्सीनेशन को लेकर इस आयु वर्ग में खासा उत्साह नजर आया। यही वजह रही कि रविवार को वैक्सीनेशन केंद्रों के नाम पोर्टल पर डालने के एक घंटे के भीतर ही वैक्सीन लगाने के सभी स्लाट भर गए। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत देहरादून और हल्द्वानी में 18 से 44 आयु वर्ग के लिए वैक्सीनेशन की शुरुआत करेंगे। इस क्रम में सीरम इंस्टीट्यूट से उत्तराखंड को कोविशील्ड की एक लाख डोज प्राप्त हो चुकी हैं। इसे जनसंख्या के हिसाब से सभी जिलों में बांटा गया है। सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी के मुताबिक भी जिलों ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी जगह वैक्सीन पहुंच चुकी है।

प्रदेश सरकार ने कुछ समय पहले प्रदेश में 18 वर्ष से 44 आयु वर्ग के तकरीबन 50 लाख व्यक्तियों को मुफ्त वैक्सीन लगाने का निर्णय लिया। इस कड़ी में पहले चरण में 27.50 लाख वैक्सीन खरीदने का फैसला हुआ। इसमें 25 लाख कोविशील्ड और 2.5 लाख कोवैक्सीन शामिल हैं। हालांकि, केंद्र ने अभी उत्तराखंड के लिए 122108 डोज कोविशील्ड और 42370 डोज कोवैक्सीन का कोटा स्वीकृत किया है।