देहरादून: देश में कोरेाना के बढ़ते मामलों और टीकाकरण की स्थिति को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आज उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर और तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की, जिसमें टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की और इसे तेज करने के लिए कदम उठाने पर जोर दिया। ये राज्य कोरोना वैक्सीनेशन के मामले में पिछड़ रहे हैं।टीकाकरण में पीछे छूट रहे आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि मई में देश में कुल आठ करोड़ टीके उपलब्ध हो पाएंगे, जो जून में बढ़कर नौ करोड़ हो जाएंगे। इनमें 50 फीसद केंद्र को और 50 फीसद राज्य सरकारों व निजी क्षेत्र को सप्लाई किए जाएंगे। वैक्सीन की किल्लत को देखते हुए हर्षवर्धन ने राज्यों को केंद्र से मिलने वाली 70 फीसद वैक्सीन दूसरी डोज में इस्तेमाल करने की सलाह दी।
माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री @drharshvardhan जी की अध्यक्षता में कोविड-19 की स्थिति एवं वैक्सिनेशन के संबंध में आयोजित बैठक में प्रतिभाग किया। उनसे अनुरोध किया कि उत्तराखंड को प्रदेश के काशीपुर, रूड़की एवं देहरादून में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट से ही ऑक्सीजन आवंटित की जाए। pic.twitter.com/JlClncNwBr
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) May 12, 2021
सीएम तीरथ ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से किया ये अनुरोध
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन से अनुरोध किया कि उत्तराखंड को दूसरे राज्यों से मिलने वाली 60 मीट्रिक टन आक्सीजन की आपूर्ति उत्तराखंड के ही आक्सीजन प्लांट के जरिये की जाए। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि अस्पतालों तक समय से आक्सीजन भी पहुंचाई जा सकेगी। उन्होंने राज्य को 10 हजार आक्सीजन कंसन्ट्रेटर, दो लाख पल्स आक्सीमीटर एवं 10 हजार डी टाइप आक्सीजन सिलिंडर देने का भी अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन की अध्यक्षता में कोरोना की स्थिति और वैक्सीनेशन के संबंध में आयोजित बैठक में वर्चुअल माध्यम से शिरकत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को 60 मीट्रिक टन आक्सीजन का आवंटन पश्चिम बंगाल और झारखंड के जरिये किया गया है। उत्तराखंड में काशीपुर, रुड़की और देहरादून में आक्सीजन प्लांट स्थापित हैं। यहां से आक्सीजन दूसरे राज्यों को आवंटित की गई है। ऐसे में व्यवहारिकता के आधार पर उत्तराखंड को राज्य के ही आक्सीजन प्लांट से आक्सीजन आवंटित की जा सकती है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से राज्यों की समस्याओं को दूर करने एवं जरूरतों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में मुख्य सचिव ओम प्रकाश और सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी भी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे।