हल्द्वानी : जल जीवन मिशन के तहत हर घर को नल से जोडऩे के लिए जिला जल एवं स्वच्छता मिशन ने ग्रामीण क्षेत्रों के 323 प्रस्तावों को तकनीकी व वित्तीय स्वीकृति दे दी है। अब जल संस्थान व जल निगम करीब 43 करोड़ रुपये से 20624 परिवारों को पेयजल कनेक्शन देंगे। पेयजल से जुड़े महकमे अब टेंडर जारी कर पेयजल लाइन बिछाने का काम करवाएंगे।

जलसंस्थान के अधीक्षण अभियंता विशाल कुमार ने बताया कि जल जीवन मिशन के पहले चरण में हर घर को नल से जोडऩे की कवायद चल रही थी। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन को जल संस्थान के नैनीताल डिवीजन ने 724.88 लाख रुपये के 83 प्रस्ताव, हल्द्वानी डिवीजन ने 328.22 लाख रुपये के 32 प्रस्ताव, लालकुआं डिवीजन ने 453.95 लाख व 29.74 लाख रुपये के 27 प्रस्ताव, रामनगर डिवीजन ने 402.36 लाख रुपये के 39 प्रस्ताव, पेयजल निगम भीमताल ने 1201.14 लाख रुपये 50 प्रस्ताव व पेयजल निगम रामनगर ने 1193.36 लाख रुपये के कुल 95 प्रस्ताव बनाकर भेजे थे।