देहरादून: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के कारण प्रभावित आमजन के साथ कांग्रेस सहयोगात्मक भूमिका में खड़ी है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को देखते हुए कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की शहादत को श्रद्धांजलि देने के लिए यह सप्ताह, रक्तदान सप्ताह के रूप में समर्पित किया है।

ऋषिकेश में बुधवार को नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने शिविर में पहुंच कर रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्टीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर कोरोना पीड़ितों की मदद के लिये पूरे देश में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि को स्वास्थ्य सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसीलिए उत्तराखंड प्रदेश में भी आज कई जिलों और महानगरों में कांग्रेस कार्यकर्ता रक्तदान शिविर के माध्यम से रक्तदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज सरकार ने आम जन को अपने हाल पर छोड़ दिया है, इसलिये हम सबको स्वयं जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंदों और कोरोना पीड़ितों की मदद को आगे आना होगा। नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत में बताया कि इस सप्ताह कांग्रेस कार्यकर्ता रक्तदान के अतिरिक्त जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री, राशन वितरण के साथ-साथ अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए लगातार काम करेंगे। कांग्रेस की ओर से निशुल्क एंबुलेंस व्यवस्था भी दी जा रही है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अम्बिका सजवाण, प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, पार्षद मनीष शर्मा, पार्षद राधा रमोला, पार्षद देवेन्द्र प्रजापति, पार्षद विजय लक्ष्मी शर्मा, सरोज देवराडी, मधु जोशी, सुधीर राय, वेद प्रकाश शर्मा, गोकुल रमोला, नन्द किशोर जाटव, अशोक शर्मा, संजय भारद्वाज, अभिषेक शर्मा, हरिराम वर्मा, संदीप बसनेट, शुभम सारस्वत, राघवेन्द्र भटनागर, चन्दन पंवार, शोभा भट्ट, रामकुमार भतालिये आदि मौजूद रहे।