देहरादून: शहर कोतवाली पुलिस ने कंट्रोल रूम के सरकारी नंबर पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजने के मामले में एक युवक को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। शहर कोतवाली निरीक्षक शिशुपाल नेगी ने बताया कि 12 मई को पुलिस कंट्रोल रूम के सरकारी नंबर पर एक अश्लील मैसेज और वीडियो भेजने का मामला सामने आया था। इस मामले में आईटी ऐक्ट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना एसएसआई लोकेंद्र बहुगुणा को सौंपी गई। पुलिस ने संबंधित नंबर से आरोपी के नाम-पते के बारे में जानकारी जुटाई। आरोपी की पहचान राहुल पुत्र राजेंद्र निवासी शिव कॉलोनी करनाल हरियाणा के रूप मे हुई। सूचना पर पुलिस टीम हरियाणा रवाना की गई। पुलिस टीम ने हरियाणा से आरोपी राहुल को उसी के घर से पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयोग किया गया मोबाइल बरामद किया गया है। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
