देहरादून: सीएम तीरथ सिंह रावत ने प्रदेश के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 27.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों में पुनर्वास व निर्माण कार्य शामिल हैं। मंडे को सीएम तीरथ सिंह रावत ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत महिलाओं को किट वितरण के लिए 17.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। इसके अलावा उन्होंने अल्मोड़ा के द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में दो विकास कार्यों के लिए 5.13 करोड़, पिथौरागढ़ की डीडीहाट विधानसभा में बंदरलीमा-हड़खोला मोटर मार्ग के नवनिर्माण के लिए 1.16 करोड़ रुपये व पौड़ी गढ़वाल की यमकेश्वर विधानसभा में स्यालनी मोटर मार्ग के नवनिर्माण कार्य के लिए 64.81 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। सीएम ने पिथौरागढ़ की तहसील धारचूला के अंतर्गत 31 परिवारों के पुनर्वास के लिए1.27 करोड़ और अल्मोड़ा जिले के रैलाकोट के चार परिवारों के पुनर्वास को 16 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। उन्होंने देहरादून की रायपुर विधानसभा में डांडा खुदानेवाला पेयजल योजना के लिए 1.70 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है।
