Nirbhik Nazar

उत्तराखंड मे बिजली कर्मचारी 28 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

देहरादून: तीनों ऊर्जा निगमों के प्रबंधनों से वार्ता विफल होने के बाद प्रदेश के बिजली कर्मचारियों ने 28 मई की रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। इससे पूर्व संगठनों ने 27 मई तक का आंदोलन स्थगित कर दिया था लेकिन सरकार की ओर से 14 सूत्री मांग पर कोई भी सकारात्मक आश्वासन न देने के चलते 28 मई से हड़ताल की चेतावनी को यथावत रखा गया है। बुधवार को उत्तराखंड विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा की अहम बैठक बुलाई गई। इस बैठक में तीनों ऊर्जा निगमों के नियमित कर्मचारी, अधिकारी, संविदा, पेंशनरों ने हिस्सा लिया। सभी ने कहा कि उनकी 14 सूत्री मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई न होने पर 28 मई से हड़ताल पर जाने का निर्णय लेना पड़ रहा है।

बैठक में कहा गया कि 20 मार्च को एक नोटिस दिया गया था, जिसमें 14 सूत्री मांग पत्र तीनों निगमों के एमडी को दिया गया था। वर्षों से लंबित किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, प्रबंधनों ने कोविड महामारी को लेकर कर्मचारियों और उनके परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन कराने का आश्वासन दिया है। तीनों ऊर्जा निगमों के कर्मचारियों व अधिकारियों को कोरोना वॉरियर घोषित करने पर निर्णय नहीं लिया गया। प्रबंधन के साथ वार्ता होने के बाद बुधवार को बुलाई गई आपात बैठक में प्रबंधन की ओर से की गई बातों पर गंभीरता से विचार किया गया। सभी संगठनों ने प्रबंधनों की ओर से किए गए उपायों को अपर्याप्त बताया। आरोप लगाया कि प्रबंधन ने हड़ताल जैसे महत्वपूर्ण विषय पर वार्ता के लिए ऐसे लोगों को भी शामिल किया, जिनका प्रस्तावित आंदोलन से किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। मोर्चे ने प्रबंधनों से वार्ता को विफल करार दिया।


सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सक्षम अधिकारी या सरकार के प्रतिनिधि की ओर से सकारात्मक निर्णय न आने तक 28 मई की मध्य रात्रि से हड़ताल पर जाने का निर्णय यथावत रहेगा। बैठक में मोर्चा के संयोजक इंसारुल हक, राकेश शर्मा, विजय बिष्ट, केहर सिंह पंकज सैनी, भानु जोशी, विक्की दास, सौरभ पांडे, अनिल मिश्रा, संदीप शर्मा, आनंद सिंह रावत, विनोद कवि, प्रदीप कंसल, वीके ध्यानी, विवेक कुमार, विशाल गुप्ता, मोहम्मद अमजद, यशपाल महर, मनोज पंत, प्रेम भट्ट, मोहम्मद रियाज, वाईएस तोमर, प्रदीप प्रकाश शर्मा, सावन रावत, चंद्रशेखर पुरोहित ने हिस्सा लिया।

हड़ताल के लिए यह संगठन एकजुट 

हाइड्रो इलेक्ट्रिक एंप्लाइज यूनियन, उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ, उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन, प्राविधिक कर्मचारी संघ, उत्तरांचल पावर इंजीनियर एसोसिएशन, उत्तराखंड पावर जूनियर इंजीनियर एसोसिएशन, विद्युत वर्ग आरक्षित एसोसिएशन, उत्तराखंड विद्युत संविदा कर्मचारी संगठन, विद्युत डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन, पावर लेखा एसोसिएशन।

 

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *