नई दिल्ली/ देहरादून: IMA (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) ने योगगुरु बाबा रामदेव के खिलाफ दिल्ली के IP एस्टेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। संस्था का कहना है कि रामदेव ने एपिडमिक डिसीज एक्ट, डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के साथ जालसाजी की है। लिहाजा उनके खिलाफ केस दर्ज करते कार्रवाई की जाए। पुलिस को दी गई शिकायत संस्था के महासचिव डॉ. जयेश लेले की तरफ से दी गई।

पुलिस के दी शिकायत में बाबा रामदेव के असली नाम का भी जिक्र है। IMA की चिट्ठी में बाबा रामदेव (राम किस यादव) का पता उत्तराखंड बताया गया है। डॉ. जयेश लेले के मुताबिक उनका दफ्तर आईपी एस्टेट थाने के इलाके में है। इसीलिए संस्था की तरफ से वो इस थाने में अपनी शिकायत दर्ज करा रहे हैं। संस्था का दावा है कि वो एडवांस मेडिकल साइंस के उत्थान के लिए काम कर रही है। इसके साथ वो पब्लिक हेल्थ व मेडिकल एजुकेशन को समृद्ध बनाने में भी जुटी है। संस्था के मुताबिक उसका ध्येय मेडिकल प्रोफेशन के हितों की देखभाल के साथ अपने सदस्यों में तालमेल स्थापित करना भी है।
उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने देहरादून कोतवाली में दी तहरीर
बाबा रामदेव पर एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के खिलाफ भ्रम फैलाने के आरोप में उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने देहरादून कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर में लिखा गया है कि रामदेव पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए और उनको तुरंत गिरफ्तार किया जाए, जिससे देश का माहौल और खराब होने से बचाया जा सके। यह एक हितकारी निर्णय साबित होगा। इस दौरान कहा गया कि देश आज कोरोना बीमारी की इस आपदा से जी-जान से लड़ रहा है। हमारे फ्रंटलाइन वर्कर अपना सम्पूर्ण न्यौछावर कर जनता को इस बीमारी से निजात दिलाने में लगे हुए हैं। जिस प्रकार से हमारे चिकित्सक अपनी जान की परवाह किए बगैर हर एक जान को बचाने में लगे हुए हैं, वह निश्चित ही काबिलेतारीफ है और समस्त देश हमारे डाॅक्टरों की जिजिविषा को सलाम कर रहा है। परंतु इस सबसे इतर बाबा रामदेव द्वारा कहे गए कथनों के कारण देश में एक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है और देश का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। एक अन्य वीडियो में वह कहते हैं कि मुझे कोई गिरफ्तार नहीं कर सकता। यह सरासर कानून को खुली चुनौती है। ऐसे बयानों से देश और उत्तराखंड के डॉक्टर काफी आहत हैं।
तहरीर देने वालों मेँ प्रदेश प्रवक्ता नवनीत कुकरेती, प्रदेश सचिव कमल कांत, राष्ट्रीय संयोजक एनएसयूआई विकास नेगी, प्रदेश सचिव एनएसयूआई अभय कत्यूरा आदि लोग़ मौजूद रहे।
