Nirbhik Nazar

15 दिन बाद सीएम तीरथ की सीट पर होगा मंथन, कहाँ से लड़ेंगे चुनाव ? पढ़िये पूरी खबर

देहरादून– उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण में दर्ज की जा रही कमी को देखते हुए भाजपा अब जल्द चुनावी तैयारियों में जुटने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की मौजूदगी में गुरुवार को हुई प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में हालांकि पूरा फोकस कोरोना और गांवों में सेवा अभियान पर ही रहा, लेकिन साथ ही यह तय किया गया कि राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा के लिए चिंतन बैठक 15 दिन बाद आयोजित की जाएगी। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव और मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के उपचुनाव को लेकर मंथन होगा।

मुख्यमंत्री के रूप में तीरथ सिंह रावत ने लगभग ढाई महीने पहले 10 मार्च को कार्यभार संभाला था। तीरथ के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद भाजपा कोर ग्रुप की यह पहली अहम बैठक थी। हालांकि, इस बैठक में कोरोना और गांव में सेवा अभियान का मुद्दा ही प्रमुखता से छाया रहा। पहले माना जा रहा था कि इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हो सकती है। दरअसल, प्रदेश में लगभग आठ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भी उपचुनाव में जाना है क्योंकि फिलहाल वह विधानसभा सदस्य न होकर सांसद हैं। अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि मुख्यमंत्री उपचुनाव किस विधानसभा सीट से लडेंग़े।

वैसे, कई विधायकों ने उनके लिए अपनी सीट छोडऩे की पेशकश की है। ऐसे में माना जा रहा था कि कोर कमेटी की बैठक में इसे लेकर भी मंथन हो सकता है।प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव भी भाजपा के लिए एक बड़ी चुनौती हैं। राज्य गठन के बाद हुए चार विधानसभा चुनावों में अभी तक उत्तराखंड में कोई भी पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में नहीं आई है। ऐसे में भाजपा इस मिथक को तोडऩे के लिए कोई कोर कसर नहीं छोडऩा चाहती। इसके अलावा भाजपा का पिछले विधानसभा चुनाव का प्रदर्शन उसके लिए कसौटी बन गया है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 57 सीटों पर जीत दर्ज की। पार्टी पर अपने इस प्रदर्शन को दोहराने का दबाव है। पार्टी पिछले साल से ही चुनावी तैयारियों में जुट गई थी, लेकिन फिर कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण के गांवों तक पहुंच जाने से कार्यकत्र्ताओं को सेवा कार्य में जुटना पड़ा। इससे चुनावी तैयारियों पर खासा असर पड़ा।

हालांकि भाजपा संगठन पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रहा है। बूथ पालकों से पार्टी की स्थिति और विधायकों का फीड बैक भी लिया जा रहा है। गुरुवार को कोर कमेटी की बैठक में भले ही इस पर कोई ज्यादा चर्चा नहीं हुई, लेकिन माना जा रहा है कि शुक्रवार को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष मंत्रियों व विधायकों से मिलकर चुनावी तैयारियों के संबंध में फीड बैक लेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि 15 दिन बाद चिंतन बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव समेत अन्य राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *