हरिद्वार।योग गुरु बाबा रामदेव और आइएमए के विवाद में अभिनेता आमिर खान को भी घसीट लिया गया। शनिवार को बाबा रामदेव ने अपने ट्विटर अकाउंट पर आमिर खान के एक कार्यक्रम का वीडियो जारी किया। साथ ही चुनौती दी कि मेडिकल माफियाओं में हिम्मत है तो आमिर के खिलाफ मोर्चा खोलें। इस वीडियो में आमिर खान देश में बिक रही तमाम जरूरी दवाओं की कीमत के निर्धारण को लेकर विशेषज्ञ से बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
इन मेडिकल माफियाओं में हिम्म्त है तो आमिर खान के खिलाफ मोर्चा खोलें-
वीडियो साभार-स्टार प्लस pic.twitter.com/ZpNT8CSohD
— स्वामी रामदेव (@yogrishiramdev) May 29, 2021
बताया जा रहा कि देश में तमाम लाइफ सेविंग ड्रग के दाम उसकी वास्तविक कीमत से दस से 50 गुना तक ज्यादा लिए जाते हैं। यही वजह है कि देश की तकरीबन 40 करोड़ की आबादी, जिसकी मासिक आय बेहद सीमित है, जरूरी होने पर भी इन्हें नहीं खरीद पाती। कई बार तो दवा के अभाव में ऐसे बीमार की मौत तक हो जाती है।

बाबा का कहना है कि आइएमए को लेकर उनके मौजूदा विरोध का कारण भी यही है। आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियां और मेडिकल माफिया करीब दो लाख करोड़ के एलोपैथी दवा कारोबार से अधिकाधिक मुनाफा कमाने के लिए दवा व जरूरी उपकरणों के दाम अनावश्यक रूप से बढ़ाते हैं। तमाम लोग जो इस प्रोफेशन से जुड़े हैं, निजी स्वार्थ के चलते इसे बढ़ावा देते हैं। इसमें शामिल लोग तो मुनाफा कमा लेते हैं, लेकिन आमजन को इसका खमियाजा भुगतना पड़ता है। दावा किया कि उनकी लड़ाई इस नाजायज व्यवस्था के खिलाफ है और वह देश के आम नागरिक को आयुर्वेद के जरिये सस्ता और सर्वसुलभ उपचार दिलाना चाहते हैं।