रांची: झारखंड में लॉकडाउन के कारण परेशान लोगों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य को अनलॉक करने की तैयारी कर ली है। सरकार ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर लागू मिनी लॉकडाउन (स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) में ढील के संकेत दिये हैं। सीएम ने ट्वीट कर आम लोगों से इस बारे में राय मांगी है। सीएम सोरेन ने पूछा है कि अनलॉक 1 कैसा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन सहयोग से राज्य ने कोरोना की दूसरी लहर पर काबू पा लिया है। ऐसे में अनलॉक किस तरह का होना चाहिए, ताकि जीवन और जीविका का सामंजस्य बना रहे।
साथियों, कैसा होना चाहिए अनलॉक 1 ?
स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह में आपके दिए सहयोग से हमने कोरोना के दूसरे लहर पर क़ाबू पा लिया है।
जीवन और जीविका के इस संघर्ष में अब हमारा ध्यान जीविका पर है।
इसलिए आप अपने बहुमूल्य विचार कमेंट कर साझा करें की कैसा होनी चाहिए अनलॉक 1 की प्रक्रिया?
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) May 31, 2021
सोरेन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि जन सहयोग से राज्य ने कोरोना की दूसरी लहर पर काबू पा लिया है। आप सभी ने स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के दौरान काफी सहयोग किया। ध्यान जीवन और जीविका दोनों पर है। ऐसे में अब अनलॉक 1 कैसा हो, ताकि किसी को परेशानी नहीं हो और कोरोना की चेन तोड़ने में हम सभी सक्षम भी रहें। इसके लिए सीएम सोरेन ने आम लोगों से ट्वीटर पर राय मांगी है। झारखंड में फिलहाल आवश्यक सेवाओं और कुछ कार्यों को छोड़कर सबकुछ बंद है।

लॉकडाउन में यह हुई थी घोषणा
-पैट्रोल पंप, एलपीजी और सीएनजी आउटलेट्स, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के दफ्तर खुले रहेंगे
– कोरियर सर्विस, डाक और टेलीफोन सेवा, सिक्योरिटी सेवा बहाल रहेगी
– कृषि संबंधी गतिविधियां चलती रहेंगी। कृषि संबंधी उत्पादों के दुकान भी दो बजे तक खुले सकेंगे
– राष्ट्रीय राजमार्ग और राजकीय राजमार्ग स्थित ढाबे खुले रहेंगे
– वेयरहाउस और कोल्ड स्टोरेज को छूट दी गई है
– औद्योगिक और खनन गतिविधियां चलती रहेंगी
– कोविड-19 नियंत्रण को लेकर जरूरी कार्यालय, दुकान, प्रतिष्ठान जिसे राज्य सरकार या उपायुक्त जरूरी समझते हैं वह खुले रहेंगे
– माल वाहक परिवहन निर्बाध रूप से चलता रहेगा। दुकान और प्रतिष्ठानों को माल ट्रांसपोर्टेशन और लॉजिस्टिक अनुमति रहेगी। माल की लोडिंग और अनलोडिंग की छूट दी गई है।
– फल, सब्जी, अनाज, दूध और दूध उत्पाद, पशुओं के चारे और खाने वाले उत्पाद जैसे मिठाई की खुदरा और थोक विक्रेताओं के साथ फुटपाथ की दुकानें दो बजे खुलेंगी
– होटल और रेस्तरां को केवल होम डिलीवरी की अनुमति
– निर्माण कार्य मनरेगा सहित अनुमन्य है। इसलिए निर्माण कार्यों से संबंधित दुकानें भी दो बजे तक खुलेंगी
– ई-कॉमर्स को छूट रहेगी, लेकिन डिलीवरी और पिकअप दो बजे तक ही होंगे
– पशु केयर शॉप, शराब की दुकानें, वाहन रिपेयरिंग शॉप, बैंक, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थान, बीमा कंपनी और सेबी से पंजीकृत ब्रोकर्स दो बजे तक संचालित होंगे
– केंद्र सरकार के दफ्तर भी दो बजे तक खुलेंगे
– सभी धार्मिक स्थल, प्रार्थना स्थल खुले रहेंगे। लेकिन यहां आगंतुकों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा
– चारदीवारी के अंदर या बाहर पांच लोगों से अधिक एकजुट नहीं हो सकेंगे। अंतिम संस्कार कार्यक्रम में अधिकतम 20 लोग शामिल हो सकेंगे।
ये चीजें बंद हैं :
– सभी शिक्षण संस्थान जैसे स्कूल, कॉलेज, आईटी, स्किल डेवलपमेंट सेंटर, कोचिंग इंस्टीट्यूट, ट्रेनिंग इंस्टिट्यूशन बंद रहेंगे। छात्रों को डिजिटल कंटेंट और ऑनलाइन एजुकेशन उपलब्ध कराया जा सकेगा।
– राज्य सरकार के विभिन्न प्राधिकरणों द्वारा आयोजित की जाने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित रहेंगी
– सभी आईसीडीएस केंद्र बंद रहेंगे। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पात्र होम डिलीवरी कर सकेंगे
– मेला और प्रदर्शनी पर रोक जारी रहेगी
– सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, थिएटर, असेंबली हॉल
– सभी स्टेडियम, जिम स्विमिंग पूल और पार्क