देहरादून: जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने निर्देश दिए हैं कि 15 जून तक 45 व इससे अधिक उम्र के व्यक्तियों का टीकाकरण पूरा कर लिया जाए। रविवार को मुख्य चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारियों व विभिन्न नोडल अधिकारियों की बैठक में जिलाधिकारी ने यह निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि 45 व इससे अधिक उम्र के जो व्यक्ति टीकाकरण से वंचित हैं, उन्हें टीका लगाने के लिए प्लान तैयार किया जाए। तभी शत प्रतिशत टीकाकरण किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि चकराता, त्यूणी व कालसी क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या रहती है और तमाम ग्रामीण ऑनलाइन स्लॉट बुक कराने में भी असमर्थ हैं। लिहाजा, इन क्षेत्रों में ऑफलाइन (स्थल पर जाकर) टीकाकरण कराया जाए। इससे पहले संबंधित क्षेत्रों में टीकाकरण को लेकर भली-भांति प्रसार-प्रसार अवश्य कर दिया जाए।

निजी अस्पताल नहीं कर रहे गाइडलाइन का पालन
जिलाधिकारी ने कहा कि निजी चिकित्सालयों में टीकाकरण को लेकर शिकायत मिल रही हैं। वहां टीकाकरण में केंद्र सरकार की गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी व जिला सर्विलांस अधिकारी को निर्देश दिए कि निजी अस्पतालों में गाइडलाइन का पालन कराना सुनिश्चित किया जाए।
दूरस्थ क्षेत्रों में कम सैंपलिंग पर नाराजगी
जिलाधिकारी इस बात पर नाराजगी व्यक्त की कि चकराता-त्यूणी, कालसी व डोईवाला में कोरोना की कम सैंपलिंग की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैंपलिंग के लिए रोस्टर बनाया जाए। संबंधित विकास खंड अधिकारियों से समन्वय बनाया जाए और सैंपलिंग टीम भेजने से दो दिन पहले वहां के ग्राम प्रधान को सूचित किया जाए। ताकि वह अधिक से अधिक ग्रामीणों को कोरोना जांच के लिए तैयार कर सकें। क्योंकि जितनी अधिक जांच होगी, उतनी ही जल्द कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की पहचान हो सकेगी। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए यह जरूरी भी है।
45 से अधिक वालों के लिए मिली एक लाख खुराक
राज्य में 45 वर्ष से अधिक आयु वालों के लिए वैक्सीन आने का सिलसिला जारी है। रविवार को भी वैक्सीन की एक लाख खुराक आई हैं। यह वैक्सीन जिलों को वितरित कर दी गई है। राज्य में इस आयु वर्ग का टीकाकरण अभियान अब तेजी से चल रहा है। केंद्र सरकार की ओर से लगातार वैक्सीन की आपूर्ति की जा रही है।