देहरादून। मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने मानसून से पहले भूस्खलन रोकने के लिए सभी अल्पकालिक उपचार के कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नैनीताल के बलियानाला क्षेत्र में भूस्खलन रोकने के लिए भी तेजी से कार्य करने को कहा। सोमवार को मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये नैनीताल के बलियानाला क्षेत्र में भूस्खलन रोकने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है। मानसून के दृष्टिगत भूस्खलन को रोकने के लिए उपचार कार्यों में तेजी लाई जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र के निवासियों के रहने के लिए उचित व्यवस्था की जाए। सभी अल्पकालिक और दीर्घकालिक उपचार कार्यों को आपसी सामंजस्य के साथ किया जाए। बलियानाला के प्रभावितों के पुनर्वास की कार्यवाही में भी तेजी लाई जाए।
बैठक में जिलाधिकारी नैनीताल धीराज गब्र्याल ने बताया कि बलियानाला के प्रभावितों के पुनर्वास के लिए 50 नाली भूमि चिह्नित कर ली गई है। आगे की कार्यवाही गतिमान है जो शीघ्र पूरी कर ली जाएगी। बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कमिश्नर कुमाऊं अरविंद सिंह ह्यांकी, सचिव एसए मुरुगेशन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।