रांची: झारखंड सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से दस के विद्यार्थियों को डोर टू डोर किताबें पहुंचाने की अनुमति दे दी है। इसके बाद विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को इसकी जानकारी देते हुए बच्चों के घरों में पहुंचाने की व्यवस्था करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें कोविड से संबंधित दिशा-निर्देशों का अनुपालन किया जाएगा।

दरअसल, मार्च माह में बच्चों के अभिभावकों को स्कूल बुलाकर किताबें दी जा रही थीं। इस बीच कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने तथा आंशिक लॉकडाउन लागू होने के बाद इस पर रोक लगा दी गई थी। बताया जाता है कि तब तक 40 फीसद बच्चों को ही किताबें मिल पाई थीं। कोराेना का संक्रमण कम होने के बाद किताबों के वितरण को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग से अनुमति मांगी गई।
इस पर आपदा प्रबंधन विभाग ने मुख्य सचिव के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि बच्चों के बीच डोर टू डोर किताबें पहुंचाने के लिए अनुमति की आवश्यकता नहीं है। लेकिन कोविड को लेकर 12 तथा 25 मई को जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन होना चाहिए। इसमें कोरोना से बचाव को लेकर आवश्यक नियमाें का पालन शामिल है।