देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने हल्द्वानी में डीआरडीओ द्वारा स्थापित 500 बेड के अस्स्थाई कोविड केयर सेंटर (जनरल विपिन चन्द्र जोशी) का वर्चुअल उद्घाटन किया। 10 हजार वर्गफीट में बनाए गए इस आधुनिक सुविधायुक्त कोविड केयर सेंटर में 325 ऑक्सीजन बेड, 125 आईसीयू एवं वेंटिलेटर की व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए अलग वार्ड के साथ ही उनके अभिभावकों के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है। इसमें फंगस (म्यूकरमायोसिस) के मरीजों के लिए भी अलग वार्ड बनाया गया है। डीआरडीओ द्वारा यह कोविड केयर सेंटर मात्र तीन सप्ताह में तैयार किया गया है। अब इसका क्लीनिकल मैनेजमेंट डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल द्वारा किया जाएगा।
आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हल्द्वानी में डीआरडीओ द्वारा स्थापित 500 बेड के अस्थायी कोविड केयर सेंटर का उद्घाटन किया। 10 हजार वर्गफीट में बनाए गए इस आधुनिक सुविधायुक्त कोविड केयर सेंटर में 375 ऑक्सीजन बेड, 125 आईसीयू एवं वेंटिलेटर की व्यवस्था की गई है। pic.twitter.com/YFlsfzn0Qh
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) June 2, 2021
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि केंद्र एवं राज्य के समन्वित प्रयासों से यह कोविड केयर सेंटर जल्द बनकर तैयार हुआ है। मुख्यमंत्री ने इस कोविड केयर सेंटर की स्थापना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में इस कोविड केयर सेंटर के बनने से कुमाऊं मंडल के लोगों को इलाज कराने में काफी सुविधा होगी। देवभूमि उत्तराखंड की परंपरा हमेशा सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की रही है। जो भी मरीज यहां इलाज के लिए आएंगे, उन्हें उचित इलाज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में ऑक्सीजन, आइसीयू, वेंटिलेटर एवं अन्य आवश्यक दवाओं की पूर्ण उपलब्धता है। कोविड की तीसरी लहर के दृष्टिगत सभी पुख्ता व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

नेता प्रतिपक्ष / विधायक डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि हल्द्वानी में इस कोविड केयर सेंटर के बनने से मरीजों को ईलाज करने में काफी सुविधा होगी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। हल्द्वानी में कुमाऊं एवं उत्तर प्रदेश से अनेक मरीज इलाज के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल ऐसा क्षेत्र है, जिसमें हमेशा सुधार की गुंजाइश रहती है। उन्होंने कहा कि कोविड लड़ने के लिए सबको मिलजुल कर प्रयास करने होंगे।