रांची: पुलिस ने शराब माफिया नरेश सिंघानिया को नामकुम इलाके से गिरफ्तार किया है। 2017 में जहरीली शराब पीने से कुल 22 लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें दो जैप (झारखंड आर्म्ड पुलिस) के जवान भी शामिल थे। नरेश उसी समय से फरार था। जानकारी के अनुसार, शराब माफिया नरेश सिंघानिया से पुलिस गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है। रांची पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नामकुम थाना की पुलिस ने शराब माफिया को नामकुम इलाके से गिरफ्तार किया। रांची पुलिस की छानबीन में शराब माफिया नरेश सिंघानिया का नाम सामने आया था।

उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह पुलिस की पहुंच से दूर भागता रहा। अब चार साल बाद उसकी गिरफ्तारी हो सकी है। 2017 में शराब से हुई 22 मौतों के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी थी। इस मामले में दो थानेदार और एक उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया था।