रांची: कोरोना संक्रमण के दौर में केंद्र सरकार से अतिरिक्त सहयोग की उम्मीद थी, लेकिन जीएसटी के मद में सरकार को अपने हिस्से से कम राशि मिल रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को लेकर सरकार ने उपलब्ध संसाधनों के आधार पर तैयारी की है। यह स्पष्ट नहीं है कि तीसरे लहर में कोरोना संक्रमण का स्वरूप क्या होगा, सरकार ने अचानक आने पर भी उससे निपटने के लिए तैयारी की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर बहुत बेहतर नहीं है। इससे कोरोना टीकाकरण को लेकर तरह-तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही है। इससे निपटने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाकर कोरोना संक्रमण से सुरक्षा प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यह निर्देश दिया है कि वह कोरोना संक्रमण से जुड़े आंकड़ों में कोई फेरबदल ना करें। पारदर्शिता बरतते हुए आंकड़े प्रस्तुत करें। सरकार को इससे सही दिशा में निर्णय और रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।