Nirbhik Nazar

बिहार अनलॉक करने से पहले जिलाधिकारियों से लिया जाएगा फीडबैक, खुद घूमकर देखेंगे सीएम नितीश

पटना:  बिहार में अनलॉक-2 की शुरुआत 16 जून से हो रही है। 15 जून की रात 12 बजे तक अनलॉक-1 प्रभावी रहेगा। इसके पहले अनलॉक-2 में दी जानेवाली छूट पर व्‍यापक विमर्श जारी है। अनलॉक-1 की भी समीक्षा हो रही है। सीएम नीतीश कुमार खुद कई जगह घूमकर देखेंगे कि आम लोग अनलॉक-1 के गाइडलाइन का पूरी तरह पालन कर रहे हैं या नहीं। इस बार अनलॉक-2 में कई छूट मिलने की संभावना है। आज 13 जून को सीएम सभी जिलों के डीएम से अनलॉक के संबंध में फीडबैक लेंगे। अंत में उच्‍च अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन ग्रुप की बैठक में अनलॉक-2 में मिलनेवाली छूट पर फैसला हो जाएगा फिर सीएम सबसे पहले अपने ट्विटर हैंडल पर फैसला शेयर करेंगे। इस बार अनलॉक-2 का आदेश 15 दिनों तक प्रभावी रहने की संभावना है। इसी बीच शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने ट्वीट किया है कि बिहार में कोविड की रफ्तार यूं ही घटती रही तो जुलाई से स्‍कूल-कॉलेजों में पढ़ाई शुरू हो सकती है।

लाेगों को काम का अवसर मिलना चाहिए

सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पटना जंक्‍शन व मीठापुर एरिया के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लॉकडाउन खत्‍म हो गया है, नाइट कर्फ्यू जारी है। लोगों को काम का अवसर मिलना चाहिए। कोविड-19 से बचाव के लिए ही लॉकडाउन लगाया गया था, मगर विकास भी जरूरी है। लोगों को मिलनेवाली छूट का उचित प्रयोग करेंगे, गाइडलाइन का पालन करते हुए मास्‍क पहनेंगे तो फीडबैक के आधार पर अनलॉक-2 पर और छूट देने का फैसला होगा। कहा कि हम खुद घूमकर अनलॉक-1 का जायजा लेंगे।

धार्मिक स्थलों को मिल सकती है छूट

एक सप्ताह के अनलाॅक-1 के बाद सोमवार को अनलाॅक-2 पर फैसला होगा। सूत्रों के मुताबिक इसमें धार्मिक स्थलों को छूट दी जा सकती है। इसके अलावा रेस्तरां को भी 25 से 50 फीसद लोगों के साथ खाना सर्व करने की छूट दी जा सकती है। शादी-विवाह में शामिल होने वाले लोगों की संख्या भी 20 से बढ़ाकर 50 की जा सकती है। संभावना है कि नया आदेश 15 दिनों के लिए प्रभावी होगा।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *