देहरादून: बच्चों को न्यूमोकोकल न्यूमोनिया एवं दिमाग के इंफेक्शन से बचाने के लिए उत्तराखंड में मुफ्त न्यूमोकोकल वैक्सीन लगाई जाएगी। रविवार को डालनवाला स्थित महात्मा गांधी शताब्दी जिला अस्पताल में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वैक्सीन का शुभारंभ किया। यह टीका पहले से पांच राज्यों में लगाया जा रहा था, अब उत्तराखंड में भी नियमित टीकाकरण में शामिल किया गया है।
बच्चों को न्यूमोनिया और दिमाग के इन्फेक्शन से बचाने के लिए आज गाँधी शताब्दी नेत्र चिकित्सालय, देहरादून से संपूर्ण राज्य के लिए PCV (Pneumococcal Conjugate Vaccine) के निःशुल्क टीकाकरण की शुरूआत की।
भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे PCV टीकाकरण अभियान को गांव-गांव तक चलाया जायेगा। pic.twitter.com/z623mpFlqQ
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) June 13, 2021
सीएमओ डा. अनूप डिमरी ने बताया कि पीसीवी नाम से प्रचलित इस टीके की पहली डोज डेढ़ माह, दूसरी साढ़े तीन माह और तीसरी बूस्टर डोज नौ माह की उम्र में बच्चों को दी जाएगी। सीएम तीरथ सिंह रावत ने केंद्र सरकार एवं पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया। एक बच्चे को टीका लगवाकर उन्होंने बच्चे को झुनझुना भेंट किया। कहा कि टीके से राज्य के बच्चों को जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा मिलेगी और राज्य एवं देश का भविष्य स्वस्थ होगा।

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ तृप्ति बहुगुणा ने लोगों से अपील की कि सभी अभिभावक नवजात शिशुओं का सम्पूर्ण टीकाकरण अवश्य करवाएं। टीके से संबंधित जानकारी के लिए एएनएम एवं आशा से संपर्क करें। प्रदेश में एक साल में करीब दो लाख बच्चों को यह टीका लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान महापौर सुनील उनियाल गामा, राजपुर विधायक खजानदास, निदेशक एनएचएम डा. सरोज नैथानी, सीएमओ डा. अनूप डिमरी, राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप मर्तोलिया, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव दीक्षित, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज उप्रेती, वरिष्ठ फिजीशियन डा. एनएस बिष्ट, डॉ. प्रवीण पंवार, डा. विकास शर्मा, डॉ. अनस, दीपक जोशी, एडीआईओ यज्ञ देव थपलियाल, देवेंद्र पंवार, डीपीओ केसी कुकरेती, एएनएस कुसुम शर्मा, आईईसी समन्वयक पूजन नेगी आदि मौजूद रहे।