देहरादून: आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात कर राज्य में दैवीय आपदाओं के मद्देनजर पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसमें उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए दो एयर एंबुलेंस उपलब्ध कराने, ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आपदा प्रबंधन शोध संस्थान की स्थापना करने, राज्य के अति संवेदनशील गांवों के पुनर्वास के लिए मिटिगेशन फंड और राज्य आपदा मोचन निधि को बढ़ाने की मांग की गई। नई दिल्ली में शुक्रवार देर शाम केंद्रीय गृह राज्य मंत्री से मुलाकात करने के बाद मीडिया को जारी एक बयान में डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि केंद्र सरकार से दो एयर एंबुलेंस की मांग की गई है। राज्य को एयर एंबुलेंस मिलने से जहां एक ओर जनहानि को कम किया जा सकेगा, वहीं दूसरी ओर राहत एवं बचाव कार्यों में समय की बचत हो सकेगी।
