नैनीताल: घूमने पहुंचे गुरुग्राम निवासी और संयुक्त राष्ट्र में सेवाएं दे चुके कृष्ण लाल का हार्ट अटैक से निधन हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का सही पता लग सकेगा। जानकारी के मुताबिक ए-41/30 डीएलएफ एफ-1 गुरुग्राम हरियाणा निवासी के कृष्ण लाल अपनी पत्नी और एक दोस्त के साथ घूमने के लिए बीते 16 जून को नैनीताल आए हुए थे। यहां वह तल्लीताल स्थित पुलिस गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। सोमवार सुबह परिजनों के साथ वापस घर को निकल रहे थे। गेस्टहाउस से बाहर निकल कार में बैठे ही थे कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

सीने में तेज दर्द की शिकायत बताने के बाद वह बेसुध हो गए। साथ में मौजूद परिजन उन्हें तुरंत बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है। डॉ. सुतांशु शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि निधन हार्ट अटैक से हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता लग पायेगा।
संयुक्त राज्य में 11 साल सेवाएं दे चुके हैं लाल
मृतक कृष्ण लाल के परिजनों ने बताया कि वह संयुक्त राष्ट्र में 11 साल सेवाएं दे चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र में भारत सरकार के सेंट्रल फॉर साउथ इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन एंड एडवाइजर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।