Nirbhik Nazar

उत्तराखंड पहुंचे यूपी के सांसद साक्षी महाराज बोले – सबसे पहले योगी सरकार बनाएगी जनसंख्या नियंत्रण कानून

ऋषिकेश: उत्तर प्रदेश के उन्नाव संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य साक्षी महाराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करेंगे। भविष्य में जनसंख्या विस्फोट का कारण ना बने इसके लिए केंद्र सरकार को इस पर शीघ्र कानून बनाने की जरूरत है। सुप्रीम कोर्ट और अधिकतर सांसद इस पर अपनी चिंता जता चुके हैं।

ऋषिकेश के रेलवे रोड स्थित श्री भगवान भवन आश्रम में पत्रकारों के साथ बातचीत में सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि देश में अब हम दो हमारे दो नहीं, बल्कि सबके दो की बात होगी। बढ़ती जनसंख्या देश के लिए बड़ी चिंता का विषय है। भविष्य में जनसंख्या की बढ़ती दर विस्फोट का कारण बन सकती है। केंद्र सरकार को इस पर शीघ्र कानून लाने की जरूरत है।

सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश ऐसा पहला राज्य बनेगा जहां जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार इस काम को करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर 145 सांसद केंद्र सरकार कानून बनाने के लिए लिख चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यकाल में यदि कानून बनता है तो यह राष्ट्र हित में होगा। सभी राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इसका समर्थन करना चाहिए। उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के साथ समान नागरिक संहिता कानून को भी लागू करने की पैरवी की।

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर साक्षी महाराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2022 विधानसभा चुनाव और देश में 2024 में लोकसभा चुनाव में भाजपा को जीतने से कोई रोक नहीं सकता। बुआ, बबुआ और पप्पू मिलकर चुनाव लड़ चुके हैं, तब कुछ नहीं बिगड़ा अब तो वैसे भी देश में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं है। गाजियाबाद की घटना पर सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि अवसरवादी लोग फूट डालो राज करो की भावना से काम कर रहे हैं। समाज में यह लोग जहर घोलने का काम कर रहे हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *