पिथौरागढ़: जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) निरस्त करने के लिए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। उन्होंने कहा कि अगर सभी पहाड़ी जिलों में प्राधिकरण निरस्त नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को टनकपुर रोड तिराहे पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारे लगाए। हर ने कहा कि भाजपा सरकार ने पूर्व में प्राधिकरण हटाने की बात कर वाहवाही लूटी लेकिन सीमांत जिले को अब भी प्राधिकरण के दायरे से बाहर नहीं किया गया है। ऐसा कर सरकार ने सीमांत के लोगों को गुमराह करने का काम किया है। कांग्रेस मुख्य प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि प्राधिकरण के नाम पर सीमांत के लोगों से वसूली की जा रही है।

इसके बावजूद जिले के सत्ता पक्ष के नेता मौन हैं, जबकि अल्मोड़ा में प्राधिकरण लागू नहीं है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता खीमराज जोशी और यूथ जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर ने कहा प्राधिकरण के नाम पर सरकार सीमांत के लोगों को गुमराह कर रही है। कहा प्राधिकरण पूर्ण रूप से निरस्त नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इसी दौरान सीएम का पुतला दहन किया गया। वहां योगेश नगरकोटी, मनोज ओझा, नारायण कोहली, रोहन सौन, त्रिभुवन चुफाल, रहीम कुरैशी, जावेद खान, हिमांशु ओझा, कार्तिक खर्कवाल, मनोज मेहता आदि रहे।