देहरादून: अपनी मांगों को लेकर दून मेडिकल कालेज के इंटर्न डॉक्टर मंगलवार को वन एवं आयुष मंत्री डा. हरक सिंह रावत से मिले। उन्होंने स्टाइपेंड बढ़ाने और वक्त पर देने की मांग की। इसके बाद मंत्री ने स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी को फोन कर मामले के जल्द निस्तारण की बात कही।

इंटर्न डॉक्टर हर माह साढ़े सात हजार के स्टाइपेंड को काफी कम बताकर इसके विरोध में हड़ताल कर रहे हैं। मंगलवार को भी उन्होंने हड़ताल जारी रखी। वे सिर्फ कोविड काल में इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे हैं। मंगलवार को ये लोग यमुना कालोनी जाकर आयुष मंत्री डा. हरक सिंह रावत से मिले। उन्हें बताया गया कि अन्य राज्यों में ये स्टाइपेंड काफी ज्यादा है। जबकि उत्तराखंड में सबसे कम। उन्होनें ये भी कहा कि वे लगातार अपनी मांगों को लेकर जा रहे हैं लेकिन ना मंत्री सुन रहे हैं ना ही अफसर। ऐसे में ये डॉक्टर काफी परेशान हैं। आयुष मंत्री ने उन्हें सरकार की ओर से सकारात्मक कदम का आश्वासन देते हुए हड़ताल ना करने की सलाह दी।