Nirbhik Nazar

परिवहन निगम के अधिकारियों को परिवहन सचिव ने बताया कैसे बढ़ाएँ आय

देहरादून : परिवहन सचिव रणजीत कुमार सिन्हा ने निगम की कार्यशैली को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जब तक निगम अपनी कार्य संस्कृति में बदलाव नहीं लाएगा, तब तक निगम की आर्थिकी को पटरी पर नहीं लाया जा सकेगा। उन्होंने निगम के अधिकारियों को आय बढ़ाने के तरीके बताते हुए इस पर पुख्ता कार्ययोजना बनाने और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

बुधवार को सचिव परिवहन रणजीत कुमार सिन्हा ने सचिवालय में परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि निगम यदि सही प्रकार से प्रवर्तन की कार्रवाई करे और बिना टिकट यात्रा करने वाले मामलों में कमी लाए, तो ही इससे निगम की आय चार से पांच करोड़ रुपये बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि निगम के 975 बस अड्डे हैं। इन बस अड्डों पर यदि कैंटीन अथवा दुकानें किराये पर दी जाएं तो इससे भी निगम को अच्छी आय हो सकती है।

उन्होंने अधिकारियों द्वारा बैठक में आंकड़े प्रस्तुत न करने पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग निगम को आर्थिक सहायता देते हुए यह साफ कह चुका है कि निगम अपनी आय के साधन बढ़ाने के लिए सुस्पष्ट योजना शासन को बताए, लेकिन निगम ऐसा करने में समर्थ नहीं हो पा रहा है। ऐसे में शासन आखिर कब तक निगम की सहायता करेगा। उन्होंने निगम के अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना बनाकर उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में 25 जून को हाईकोर्ट में परिवहन निगम कर्मचारियों के वेतन संबंधी याचिका पर भी चर्चा हुई। तय हुआ कि गुरुवार 24 जून को निगम अपना जवाब दाखिल करेगा। बैठक में परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक अभिषेक रूहेला, महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *