Nirbhik Nazar

खगड़िया के जदयू विधायक को SP से जान का खतरा, CM नीतीश से की एसपी अमितेश कुमार को हटाने की मांग

खगड़िया : जिले के परबत्ता विधानसभा सीट से जदयू विधायक डॉ. संजीव कुमार ने एसपी अमितेश कुमार को हटाने की मांग की है। इसके पीछे का कारण उन्होंने खुद की जान पर खतरा बताया है। लिहाजा, संजीव ने सीएम नीतीश कुमार को पत्र भी लिखा है। उनके इस पत्र के बाद से बिहार की सियासत गर्मा उठी है।

बिहार की कानून व्यवस्था अपराधियों की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहती है लेकिन इस बार जदयू विधायक की इस मांग के बाद विपक्षी पार्टियों को फिर से नीतीश सरकार पर लॉ एंड ऑर्डर को लेकर निशाना साधने का मौका मिल गया है। दरअसल, जदयू विधायक ने सीएम नीतीश कुमार को लिखे पत्र में कहा, ‘खगड़िया एसपी अपराधियों से मिले हुए हैं। इससे जान पर खतरा है। मुझे हाउस गार्ड उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अमितेश कुमार को हटाया जाए।’

विधायक ने पत्र में लिखा कि परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में मुख्य रूप से चार थानों में से तीन में एक ही जाति के थाना प्रभारी पदास्थापित हैं। डॉ. संजीव ने एसपी पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने एक ही जाति के थाना प्रभारियों के साथ-साथ थानों में जेएसआई भी उसी जाति के पदस्थापित किए हैं।

बढ़ गए अपराधियों के हौसले

इसके साथ ही संजीव ने कुछ थानाध्यक्षों के नाम भी लिखे हैं और कहा कि इनका अपराधियों के साथ उठना बैठना होता है। खास जाति के पुलिसकर्मियों की पदस्थापित होने की वजह से ही अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। इस बाबत, परबत्ता थानाध्यक्ष ने उनकी जान को खतरा बताते हुए एसपी को रिपोर्ट भी सौंपी लेकिन एसपी ने उस रिपोर्ट को नजरअंदाज कर दिया।

अपने पत्र में परबत्ता विधायक ने खुद पर हुए हमले और जदयू नेता की हत्या का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि पिछले चुनाव में उनके ऊपर हमला किया गया था, यही नहीं भागलपुर में खगड़िया के जदयू जिला उपाध्यक्ष पप्पू भगत की हत्या हो गई थी, इस हत्याकांड में उस खास जाति के अपराधियों का हाथ था।

खुले आम घूम रहे अपराधी: परबत्ता विधायक

विधायक ने पत्र में लिखा कि पप्पू भगत की हत्या में शामिल बड़े अपराधी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि खगड़िया एसपी जदयू के सक्रिय कार्यकर्ताओं को झूठे केस में फंसाते हैं और उन्हें प्रताड़ित करते हैं। एक कार्यकर्ता के नाम का जिक्र करते हुए कहा कि उसे भी ऐसे ही फंसाया गया है, जो जेल में बंद है और उसकी भी हत्या की साजिश चल रही है। विधायक ने लिखा कि इस बात की जानकारी जेल में बंद कार्यकर्ता से मिलने गए अन्य कार्यकर्ता ने उनके पिता को दी है।

विधायक के इस आरोप पर एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि माननीय विधायक जी ने मुझपर कुछ आरोप लगाए हैं, तो इसपर क्या ही कुछ कह सकते हैं। मेरे सीनियर अधिकारी ही बता पाएंगे कि मेरे ऊपर लगे आरोप कितने सही और कितने गलत हैं। जबकि बेगूसराय डीआइजी राजेश कुमार ने कहा कि मुझे इस पत्र के बारे में कोई जानकारी नहीं है। अभी कुछ नहीं कह सकते है। वहीं, बिहार सरकार के सचिव के.सैंथिल कुमार ने पत्र को संज्ञान में लेते हुए डीजीपी को जांच कराने और अपने स्तर पर जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए लिखा है। वहीं, सचिव के पत्र के बाद पुलिस मुख्यालय ने भी सक्रियता से इसपर कार्रवाई करनी शुरू की है। पुलिस मुख्यालय से आईजी हेडक्वार्टर ने जांच के लिए लिखा है।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *