Nirbhik Nazar

तो उत्तराखंड मे 15 अगस्त को परिवार सहित रैली निकालेंगे पुलिसकर्मी ? जानिए अपर पुलिस महानिदेशक ने क्या कहा ?

देहरादून: पुलिस कर्मचारियों के ग्रेड पे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब इंटरनेट मीडिया पर पुलिस कर्मियों व सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की ओर से 15 अगस्त को परिवार सहित रैली निकालने का संदेश वायरल हो गया है। हालांकि पुलिसकर्मियों की ओर से इस संबंध में कोई पत्र या आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बावजूद इसके पुलिस विभाग अलर्ट हो गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों को मौखिक आदेश जारी कर अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। 20 साल की सेवा पूरी कर चुके कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल ग्रेड में कटौती किए जाने पर नाराज हैं। कांस्टेबल व हेड कांस्टेबलों को पहले ग्रेड पे 4600 मिलता था, लेकिन अब इसे कम कर 2800 रुपये कर दिया गया है। कुछ समय पहले पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कांस्टेबलों के साथ बैठक कर 4200 रुपये ग्रेड पे व एक स्टार का प्रस्ताव दिया था। इसका पुलिस कर्मियों ने विरोध किया। इस मामले में मुख्य सचिव की देखरेख में एक कमेटी भी गठित की गई है।

अपर पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने बताया कि ग्रेड पे के मामले को लेकर शासन से लगातार वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। 15 अगस्त जैसे पावन पर्व पर कोई भी पुलिसकर्मी और उनका परिवार किसी प्रकार के अप्रिय गतिविधि में शामिल होगा तो यह बल के अनुशासन पर सवाल है। इसे गंभीरता लिया जाएगा।

 

मुख्यालय स्तर पर कमेटी का गठन

पुलिस उप महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि ग्रेड पे प्रकरण के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) अभिनव कुमार की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में पुलिस महानिरीक्षक (अभिसूचना एंव सुरक्षा) संजय गुंज्याल और पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) को शामिल किया गया है। कमेटी जवानों से वार्ता कर शासन में प्रभावी पैरवी करेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *