रामनगर: 2022 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के मकसद से भाजपा का तीन दिवसीय चिंतन शिविर आज से शुरू हो जाएगा। चिंतन शिविर में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन, उत्तराखंड प्रभारी व मुख्यमंत्री समेत सांसद व मंत्री शिरकत करेंगे। तीन दिन तक सरकार के कामकाज व भविष्य के लिए चुनावी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा कर रूपरेखा तय की जाएगी।

अगले साल उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने है। भाजपा चुनाव में जाने से पहले अब तक हुए कामकाज की समीक्षा करने के साथ ही आगे कार्ययोजना बनाने के लिए तीन दिन तक चर्चा कर रणनीति बनाएगी। चिंतन शिविर रविवार शाम से शुरू होगा और मंगलवार तक चलेगा। इसको लेकर भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट व महामंत्री संगठन अजय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी कर चुके हैं। विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि रविवार को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मंत्री, सांसद, राज्य सभा सदस्य, मोर्चा व प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष समेत 40 से 45 लोग इस शिविर में रहेंगे। विधायक इसमें नहीं रहेंगे।
सीएम दो दिन ढिकुली में करेंगे रात्रि विश्राम
मुख्यमंत्री दो दिन तक रामनगर में ही रहेंगे। वह रविवार को 2.30 बजे रामनगर आएंगे। इसके बाद वह चिंतन शिविर में भाग लेंगे। रात्रि विश्राम वह ढिकुली में ही करेंगे। दूसरे दिन वह 11 बजे से चिंतन शिविर में शिरकत करेंगे। तीसरे दिन मंगलवार को वह देहरादून के लिए रवाना होंगे।