देहरादून: हरिद्वार कुंभ मेले के दौरान कोरोना टेस्टिंग के नाम पर हुए महा घोटाले की उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर कांग्रेसजनों द्वारा प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्रवान पर रविवार को प्रदेशभर के जिला/शहर मुख्यालयों में विरोध-प्रदर्शन के साथ भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया। इसी कार्यक्रम के तहत देहरादून में महानगर कांग्रेसजनों द्वारा महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में ऐस्ले हाॅल चैक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकारें भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। कोरोना जैसी महामारी में भी आपदा में अवसर ढूंढने का प्रयास शर्मनाक है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कोरोना के दौरान सभी गतिविधियों पर रोक के कारण गरीब मजदूर, ठेली पटरी वाले व्यावसायी की रोजी-रोटी का जरिया भी बन्द हो चुका था ऐसे में भाजपा सरकार ने कुंभ में शामिल होने के लिए आरटीपीसीआर टेस्ट की बाध्यता रखी गई तथा सरकार की नाक के नीचे करोड़ों रूपये के घोटाले को अंजाम दिया गया। उन्होने कहा कि जीरो टाॅलिरेंस की बात करने वाली भाजपा सरकार घोटालो में आकंठ डूबी हुई है। लालचन्द शर्मा ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी की आरटीपीसीआर जांच के नाम पर हरिद्वार कुम्भ के दौरान हुए महा घोटाले ने साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार में चारों ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है तथा आम जनता के स्वास्थ्य की भी सरकार को कोई चिन्ता नहीं है।
कोरोना महामारी में जहां एक ओर भाजपा सरकारें आम आदमी को ऑक्सीजन व जीवन रक्षक दवाइयों के लिए दर-दर भटकना पड़ा तथा भाजपा की सरकारें इंतजाम करने में पूरी तरह नाकाम रही हैं। परन्तु जिस प्रकार पीसीआर टेस्टिंग के नाम पर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर करोडों रूपये के घोटाले को अंजाम दिया गया वह निन्दनीय है। पुतला दहन करने वालों में प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली, डाॅ0 प्रतिमा सिंह, सूरत सिंह नेगी, मेघ सिंह आदि शामिल थे
सीएम से मांगा इस्तीफा
कोरोना टेस्टिंग घोटाले के विरोध में हल्द्वानी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कालाढूंगी विधानसभा ने रविवार को राज्य सरकार का पुतला दहन किया। साथ ही घोटाले की निष्पक्ष जांच और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख भोला दत्त भट्ट, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुंदन सिंह नेगी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विशाल भोजक, उमेश बिनवाल, भूपेंद्र सिंह, संजय किरौला, जया कर्नाटक, महेश कांडपाल, कृपाल मेहरा, अशोक जोशी, हरेंद्र चौरसिया, किरन जोशी, मोनिका सती, किरन मेहरा, दीवान मेहरा, नीमा भट्ट, मनोज बिष्ट, गोपाल बिष्ट, संदीप राणा, ईश्वर गौनी, दिनेश प्रसाद, रक्षित बिष्ट, फैजान अहमद, रेहान अहमद, रिजवान अहमद, सुरेंद्र सिंह फर्स्वाण, नीरज तिवारी, देवेंद्र धौनी आदि मौजूद रहे।
सीबीआई करे घोटाले की जांच
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कुंभ मेले में एक लाख से अधिक फर्जी आरटीपीसीआर टेस्ट के विरोध में कांग्रेस जिला अध्यक्ष एससी विभाग इंदरपाल आर्य के नेतृत्व में कुंवरपुर चौराहा गौलापार में कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। साथ ही जमकर नारेबाजी भी की गई। जिला अध्यक्ष ने कहा कि वे सरकार से कुंभ मेले में जांच के नाम पर हुए फर्जीवाड़े की सीबीआई जांच व दोषियों पर जल्द से जल्द सजा कार्रवाई करने की मांग करते हैं। यहां पूर्व ब्लाक प्रमुख हल्द्वानी संध्या डालाकोटी, ब्लॉक अध्यक्ष नीरज रैक्वाल, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट, कांग्रेस प्रवक्ता हरेंद्र क्वीरा, ग्राम प्रधान कुंवरपुर हरेंद्र बिष्ट, बीडीसी महेंद्र बिष्ट, विरेंदर, बालम रैक्वाल, मनोज पौड़ियाल, ब्लॉक अध्यक्ष एससी प्रकाश टम्टा, तपिश बडोला, गोपाल बिष्ट, रमेश चंद्र, रोहित आर्य, लकु आर्या, जगदीश आर्य आदि मौजूद रहे।
दोषियों को संरक्षण दे रही सरकार : सुमित
बुद्ध पार्क में महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राहुल छिमवाल की अगुवाई में कांग्रेसियों ने राज्य सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान कुंभ घोटाले के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की गई। एआईसीसी सदस्य सुमित हृदयेश ने कहा कि कोरोना जांच घोटाले में आरोपियों पर कार्रवाई के बजाय उन्हें संरक्षण देने का काम कर रही है। घोटाले ने डबल इंजन सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की पोल खोलने का काम कर दिया है। कहा कि कांग्रेस की मांग है कि सीबीआई, एसआइटी से मामले की जांच कराई जाए। यदि ऐसा नहीं होता है तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। महानगर अध्यक्ष छिमवाल ने कहा कि कोरोना जांच की आड़ में करोड़ों का घोटाला उजागर हुआ है। मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए।पुतला दहन के माध्यम से सरकार को आगाह करना है कि जल्द घोटाले से जुड़े हर नाम पर कार्रवाई हो। चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं होता है तो कांग्रेस इसके लिए व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। इस मौके पर हुकम सिंह कुंवर, शशि वर्मा, प्रकाश जोशी, जगमोहन चिलवाल, विजय सिजवाली, पुष्पा नेगी, मंजू तिवारी, शोभा बिष्ट, संध्या डालाकोटी आदि मौजूद रहे।